राज्य कृषि समाचार (State News)

शाजापुर कलेक्टर ने उर्वरक वितरण केंद्रों का किया निरीक्षण

13 जून 2026, शाजापुर: शाजापुर कलेक्टर ने उर्वरक वितरण केंद्रों का किया निरीक्षण – कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने  गत दिनों  जिले के उर्वरक वितरण केन्द्र- विपणन संघ के शाजापुर डबल लॉक केंद्र, इफको बाजार शाजापुर, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सुनेरा, अभयपुर, पनवाड़ी, रसूलपुर एवं दुधाना समितियों का निरीक्षण किया। कलेक्टर सुश्री बाफना ने उर्वरक भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा ई-विकास प्रणाली के संचालन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने समिति स्तर पर कृषकों को आवश्यकता अनुसार उर्वरक उठाव के लिए प्रेरित करने, ई-टोकन के भौतिक प्रिंटआउट लाने के लिए किसानों को बाध्य नहीं करने तथा किसानों को बकाया राशि जमा करने के लिए एनईएफटी सहित ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश उपायुक्त सहकारिता को दिए। उन्होंने समिति स्तर पर कृषकों की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समितियों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए प्रत्येक पांच समितियों पर एक सुपरवाइजर नियुक्त करने के भी निर्देश दिये।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने कृषकों से चर्चा कर ई-विकास प्रणाली के संचालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने किसानों को सोयाबीन की प्रचलित किस्म जे.एस- 9560 के स्थान पर नवीन एवं उन्नत किस्मों के उपयोग के संबंध में जानकारी दी तथा कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त करने की सलाह भी दी। कलेक्टर सुश्री बाफना ने उपायुक्त सहकारिता, उप संचालक कृषि एवं मुख्य जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कार्यपालन अधिकारी को ई-विकास प्रणाली एवं उर्वरक टोकन निर्माण कार्य में संलग्न समिति ऑपरेटरों का प्रशिक्षण प्रदान करने तथा समिति स्तर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उपायुक्त  सहकारिता श्री ओपी गुप्ता, सीईओ सीसीबी सुश्री कोमल डहाके, उपसंचालक कृषि श्री आरएल जामरे उपस्थित थे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements