सीहोर: सोयाबीन दिवस पर किसानों को मिला खेती का प्रशिक्षण, वैज्ञानिकों ने बताए उत्पादन बढ़ाने के तरीके
12 सितंबर 2026, सीहोर: सीहोर: सोयाबीन दिवस पर किसानों को मिला खेती का प्रशिक्षण, वैज्ञानिकों ने बताए उत्पादन बढ़ाने के तरीके – मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के इछावर विकासखंड के भाउखेड़ी में सोयाबीन दिवस एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए सोयाबीन की खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाने, कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार फसल प्रबंधन करने और उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए नई कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को कृषि संबंधी नवीनतम जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फसल की बुवाई से कटाई तक वैज्ञानिक सलाह लेने की अपील
राजस्व मंत्री ने किसानों से खेती में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फसल की बुवाई से लेकर कटाई तक कृषि विशेषज्ञों की सलाह को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने किसानों से मिट्टी की स्थिति, मौसम और फसल की आवश्यकता के अनुसार कृषि कार्य करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल संरक्षण और फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
कृषि वैज्ञानिकों ने बताई उन्नत खेती की तकनीक
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों और कृषि अधिकारियों ने किसानों को सोयाबीन की उन्नत खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बेहतर पैदावार के लिए जरूरी कृषि तकनीकों, फसल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण और कृषि संबंधी नवीन उपायों की जानकारी किसानों को दी। किसानों को बदलते मौसम और परिस्थितियों के अनुसार खेती की तकनीक अपनाने तथा समय पर कृषि विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कृषि अधिकारियों ने किसानों को शासन द्वारा संचालित कृषि योजनाओं और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग और कृषि वैज्ञानिकों के संपर्क में रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में विशेषज्ञों से सलाह लेने की अपील की।
किसानों की समस्याओं और सुझावों पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान किसानों से उनकी कृषि संबंधी समस्याओं और सुझावों पर संवाद किया गया। किसानों ने खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि तकनीकों से अवगत कराते हुए सोयाबीन उत्पादन को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि में नवाचार और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, डीडीए श्री एके उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

