राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ में खरीफ 2026 के लिए बीज दरें तय, धान-दलहन-तिलहन की नई कीमतें जारी

24 अप्रैल 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ में खरीफ 2026 के लिए बीज दरें तय, धान-दलहन-तिलहन की नई कीमतें जारी – छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड द्वारा खरीफ सीजन 2026 के लिए अनाज, दलहन एवं तिलहन फसलों के प्रमाणित एवं आधार बीजों की विक्रय दरें निर्धारित कर दी गई हैं। इस संबंध में राज्य स्तरीय बीज विक्रय दर निर्धारण समिति की बैठक 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न फसलों की दरों को अनुमोदन प्रदान किया गया।

जारी परिपत्र के अनुसार धान (मोटा, पतला एवं सुगंधित), कोदो-कुटकी, रागी, उड़द, मूंग, कुल्थी, सोयाबीन, मूंगफली, तिल, रामतिल, ज्वार, अरहर सहित प्रमुख फसलों के बीजों की श्रेणीवार दरें तय की गई हैं। धान मोटा (10 वर्ष के अंदर) का मूल्य 3,478 रुपये प्रति क्विंटल और धान पतला (10 वर्ष के अंदर) का मूल्य 3,919 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। वहीं तिल के बीजों की अधिकतम दर 20,539 रुपये प्रति क्विंटल रखी गई है।

सुगंधित धान और मिलेट्स की दरें तय

सभी किस्मों के सुगंधित धान के लिए किसानों हेतु 4,803 रुपये प्रति क्विंटल तथा सहकारी समितियों के लिए 4,611 रुपये प्रति क्विंटल दर निर्धारित की गई है। कोदो-कुटकी की दर 7,245 रुपये और रागी की 7,229 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है। इसके अलावा उड़द, मूंग, कुल्थी और अन्य दलहनी फसलों की दरें भी श्रेणीवार तय की गई हैं।

दलहन-तिलहन फसलों की विस्तृत दरें

उड़द, मूंग, सोयाबीन, मूंगफली और अरहर जैसी फसलों की दरें उनकी किस्म और अवधि के आधार पर अलग-अलग तय की गई हैं। उदाहरण के तौर पर सोयाबीन की दर 9,573 रुपये से 9,805 रुपये प्रति क्विंटल के बीच निर्धारित की गई है, जबकि अरहर की अधिकतम दर 13,220 रुपये प्रति क्विंटल तक रखी गई है। मूंगफली और रामतिल सहित अन्य तिलहन फसलों की भी अलग-अलग दरें तय की गई हैं।

कमीशन और अनुदान का प्रावधान

बीज निगम के अनुसार सहकारी समितियों को देय भुगतान में निर्धारित दरों पर 4 प्रतिशत कमीशन की कटौती की जाएगी। आधार बीजों की विक्रय दर प्रमाणित बीजों की दर से 100 रुपये प्रति क्विंटल अधिक होगी। साथ ही भारत सरकार और राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान को समायोजित कर अंतिम विक्रय दरें लागू की जाएंगी।

किसानों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

कृषि एवं पोषण मिशन सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के तहत बीज वितरण में अनुदान का लाभ किसानों को दिया जाएगा। उत्पादन अनुदान केवल निगम द्वारा उत्पादित बीजों पर ही लागू होगा। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं को निर्देश जारी कर खरीफ 2026 के लिए बीज वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से सुनिश्चित करने को कहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements