Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सीधी की सविता ने सब्जी उत्पादन से बदली परिवार की जिंदगी, हर महीने कमा रहीं 14 हजार रुपये

25 नवंबर 2026, सीधी: सीधी की सविता ने सब्जी उत्पादन से बदली परिवार की जिंदगी, हर महीने कमा रहीं 14 हजार रुपये – मध्यप्रदेश के सीधी जिले के ग्राम गजरी की सविता कुशवाहा ने मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर अपनी आर्थिक स्थिति बदल दी है। कभी परिवार की सीमित आय और आर्थिक चुनौतियों के बीच जीवनयापन करने वाली सविता आज सब्जी उत्पादन के जरिए हर महीने लगभग 13 से 14 हजार रुपये की कमाई कर रही हैं। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बदलाव आया और वे आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ीं।

सविता ने गांव की अन्य महिलाओं को संगठित कर नव स्व-सहायता समूह का गठन किया। समूह की नियमित बैठकों और छोटी-छोटी बचत के माध्यम से उन्होंने आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया। इसी दौरान गांव के एकीकृत कृषि संकुल से जुड़ने पर उन्हें कृषि और आजीविका संवर्धन से संबंधित नई जानकारियां मिलीं। इसके बाद उन्होंने समूह से 50 हजार रुपये का ऋण लेकर सब्जी उत्पादन का काम शुरू किया।

स्थानीय बाजारों में बेचती हैं सब्जियां

सविता हर मौसम के अनुकूल सब्जियों का उत्पादन करती हैं। खेत में तैयार ताजी सब्जियों को वे स्थानीय बाजार, मझौली और साप्ताहिक हाट-बाजारों में बेचती हैं। वहीं, उनके पति महान चौराहा में ठेला लगाकर सब्जियों का विक्रय करते हैं। परिवार के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास और लगातार मेहनत से उन्हें हर महीने लगभग 13 से 14 हजार रुपये की आमदनी हो रही है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

बैंक खाते में 50 हजार रुपये की बचत

सब्जी उत्पादन से होने वाली आय ने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। आज सविता के बैंक खाते में लगभग 50 हजार रुपये की बचत है। उनके बच्चों को बेहतर विद्यालय में शिक्षा मिल रही है और परिवार की जरूरतें भी पहले से बेहतर तरीके से पूरी हो रही हैं। आर्थिक मजबूती के साथ अब सविता सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी कर रही हैं और समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुकी हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

सविता बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। एकीकृत कृषि संकुल के माध्यम से लगातार तकनीकी मार्गदर्शन और खेती से जुड़ी जानकारी मिलती रही। इससे उन्हें सब्जी उत्पादन को बेहतर तरीके से व्यावसायिक गतिविधि के रूप में संचालित करने में मदद मिली। वे ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि समूह ने उन्हें आत्मविश्वास, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई।

आज सविता कुशवाहा की सफलता उन महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है, जो अपनी परिस्थितियों को बदलकर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। उनका कहना है कि महिलाओं को आगे आकर स्व-सहायता समूहों से जुड़ना चाहिए और अपनी मेहनत व हुनर पर विश्वास रखते हुए प्रगति की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयासों से भी बड़े बदलाव संभव हैं। महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता से ही आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना साकार हो सकती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture