Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सतना : पराली जलाने पर जिले के 9 किसानों पर 22 हजार 500 का अर्थदंड लगाया

18 नवंबर 2026, सतना: सतना : पराली जलाने पर जिले के 9 किसानों पर 22 हजार 500 का अर्थदंड लगाया – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जिले के किसान भाइयों से धान की फसल की कटाई के बाद पराली नहीं जलाने की अपील की गई है। पराली के समुचित प्रबंधन के लिए किसानों को हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, जीरो टिल सीड ड्रिल, स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम युक्त कंबाइन हार्वेस्टर, रीपर कंबाइन एवं बेलर का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री आशीष पाण्डेय ने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता, कृषि उत्पादन एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। एक टन धान के भूसे में लगभग 5.5 किलोग्राम नाइट्रोजन, 2.3 किलोग्राम फास्फोरस, 25 किलोग्राम पोटेशियम, 1.2 किलोग्राम सल्फर और 400 किलोग्राम कार्बन पाया जाता है जो पराली जलाने से नष्ट हो जाता है। इसी प्रकार एक टन पराली जलाने से हानिकारक गैसों एवं प्रदूषक तत्वों का उत्सर्जन होता है, जिसका मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पराली जलाने पर प्रतिबंध के संबंध में पर्यावरण सुरक्षा हेतु नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश जारी हैं। निर्देशों का उल्लंघन करने पर 2 एकड़ से कम भूमि धारक किसानों पर 2500 रुपये, 2 से 5 एकड़ तक भूमि धारक किसानों पर 5000 रुपये तथा 5 एकड़ से अधिक भूमि धारक किसानों पर 15 हजार रुपये प्रति घटना पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित की गई है।

इसी क्रम में जिले में पराली जलाने की 12 घटनाएं प्रमाणित होने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामपुर बाघेलान द्वारा 5 किसानों पर कुल 12 हजार 500 रुपये तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मझगवां द्वारा 4 किसानों पर कुल 10 हजार रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नागौद द्वारा 3 किसानों को नोटिस जारी किए गए हैं। फसल कटाई में उपयोग होने वाले कंबाइन हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रा रीपर अथवा बेलर का उपयोग अनिवार्य किया गया है। इसके लिए जिला परिवहन अधिकारी, सहायक कृषि अभियांत्रिकी, कृषि विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। बिना आवश्यक स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रा रीपर अथवा बेलर के कंबाइन हार्वेस्टर संचालित पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें