राज्य कृषि समाचार (State News)

मिर्च में लीफ कर्ल वायरस और कीटों का खतरा, वैज्ञानिकों ने बताया कैसे बचाएं फसल  

26 अगस्त 2026, भोपाल: मिर्च में लीफ कर्ल वायरस और कीटों का खतरा, वैज्ञानिकों ने बताया कैसे बचाएं फसल – मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में मिर्च फसल की स्थिति और कीट-रोग प्रकोप का जायजा लेने के लिए कृषि महाविद्यालय इंदौर के वैज्ञानिकों की संयुक्त टीम ने मंडवाड़ा, तलवाड़ा बुजुर्ग और बालकुंआ गांव के किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिर्च फसल की वृद्धि, कीटों की स्थिति और वायरस रोग के लक्षणों का जायजा लिया गया।

वैज्ञानिकों के अनुसार जिले के कुछ क्षेत्रों में मिर्च फसल की वृद्धि मध्यम स्तर की है, जबकि कुछ खेतों में कीटों का प्रकोप अधिक पाया गया। कुछ पौधों में मिर्च लीफ कर्ल वायरस के लक्षण भी मिले। वैज्ञानिकों ने बताया कि इस वर्ष मानसून के देर से आने और मौसम में बदलाव के कारण अधिक तापमान रहा, जिससे मिर्च फसल कीट और रोग से प्रभावित हुई। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि जिन खेतों में पहली बार मिर्च की फसल लगाई गई है, वहां पौधों की वृद्धि बेहतर और वायरस का प्रकोप तुलनात्मक रूप से कम है। इससे फसल चक्र अपनाने के महत्व की पुष्टि होती है।

वैज्ञानिकों ने दी ये सलाह

किसानों को समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन अपनाने और अनुशंसित कीटनाशकों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। एक ही रसायन का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है। एक ही खेत में लगातार मिर्च की फसल लेने के बजाय फसल चक्र अपनाने की सलाह दी गई है।

फसल में संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के साथ अनुशंसित मात्रा में खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करने तथा जैविक/गोबर खाद का प्रयोग करने को कहा गया है, ताकि मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन बना रहे। मिर्च लीफ कर्ल वायरस से बचाव के लिए वायरस सहनशील या प्रतिरोधी किस्मों और उपयुक्त संकर किस्मों का चयन करने की सलाह दी गई है। खेत का नियमित निरीक्षण कर शुरुआती अवस्था में सफेद मक्खी और थ्रिप्स के नियंत्रण के लिए पीले और नीले चिपचिपे प्रपंच लगाने को कहा गया है।

किसानों को कीट एवं रोग की पहचान कर कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही कीटनाशकों का उपयोग करने तथा अधिक तापमान, विशेषकर मई माह में मिर्च की रोपाई नहीं करने की सलाह दी गई है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture