राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान: उर्वरकों की कालाबाजारी पर सख्त हुई सरकार, निजी डीलरों से बिक्री पर लगेगी रोक

23 मई 2026, जयपुर: राजस्थान: उर्वरकों की कालाबाजारी पर सख्त हुई सरकार, निजी डीलरों से बिक्री पर लगेगी रोक – खरीफ और रबी सीजन को देखते हुए राजस्थान सरकार ने उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने और किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध कराने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने इफको और कृभको के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में उर्वरकों का वितरण पूरी तरह क्रय-विक्रय सहकारी समितियों और ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से ही किया जाए। साथ ही निजी डीलरों के जरिए खाद बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

शासन सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री दक ने कहा कि सहकारी समितियों के जरिए उर्वरक वितरण सुनिश्चित होने से किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उचित मूल्य पर मिल सकेगी और कालाबाजारी पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन ब्लॉकों में अभी सहकारी समितियों के माध्यम से यूरिया और डीएपी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, वहां वितरण तंत्र को जल्द मजबूत किया जाए। इसके अलावा डूंगरपुर और बांसवाड़ा क्षेत्रों में भी उर्वरक रैक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

नकली खाद पर भी सरकार की सख्ती

सहकारिता मंत्री ने नकली खाद की बिक्री रोकने के लिए भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से केवल इफको, कृभको और सहकारी मॉडल पर आधारित चुनिंदा कंपनियों की खाद ही बेची जाए। जिला उप रजिस्ट्रार और निरीक्षकों को समितियों के गोदामों का नियमित निरीक्षण करने और निरीक्षण के फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी गोदाम में अन्य कंपनियों के उत्पाद पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित उर्वरक उपलब्ध कराना है।

किसानों को पर्याप्त मात्रा में मिलेगा उर्वरक

बैठक में राज्य के सभी जिलों और ब्लॉकों में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मंत्री श्री दक ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर केंद्र सरकार से अतिरिक्त आवंटन भी मांगा जाएगा, ताकि किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि खरीफ सीजन को देखते हुए उर्वरकों की मांग केंद्र सरकार को भेज दी गई है और आवश्यक आवंटन भी प्राप्त हो चुका है।

नैनो उर्वरकों को लेकर किसानों को किया जाएगा जागरूक

सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसान अभी नैनो उर्वरकों के उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। ऐसे में उनकी अनिवार्य बिक्री के बजाय पहले किसानों को इसके फायदे समझाने और जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

पैक्स को बनाया जाएगा किसान समृद्धि केंद्र

बैठक में किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पैक्स समितियों को प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि पैक्स व्यवस्थापकों को लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाया जा रहा है और लंबित लाइसेंस जल्द जारी किए जाएंगे।

बैठक में सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, इफको और कृभको के वरिष्ठ अधिकारियों ने उर्वरकों के भंडारण, वितरण और मॉनिटरिंग व्यवस्था की समीक्षा कर आगामी सीजन के लिए तैयारियों पर चर्चा की।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agric

Advertisements