PM मोदी 25 सितंबर को UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का करेंगे शुभारंभ, 1000 वर्ग मीटर में लगेगी भव्य कृषि प्रदर्शनी
24 सितम्बर 2025, भोपाल: PM मोदी 25 सितंबर को UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का करेंगे शुभारंभ, 1000 वर्ग मीटर में लगेगी भव्य कृषि प्रदर्शनी – ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को करेंगे। यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और कृषि क्षेत्र की प्रगति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा। खास तौर पर कृषि विभाग के लिए 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र आवंटित किया गया है, जहां कृषि से जुड़ी नवीनतम तकनीक, उपकरण, बीज, उर्वरक और कृषि रक्षा रसायनों का व्यापक प्रदर्शन होगा।
इस मेले में देश-विदेश से आए प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश की उन्नत कृषि संस्कृति, तकनीक और नवाचारों को करीब से जान सकेंगे। कृषि विभाग की ओर से इसमें प्रगतिशील किसान, कृषि यंत्रीकरण कंपनियां, बीज निर्माता, उर्वरक कंपनियां, तथा कीटनाशक रसायन निर्माता भाग लेंगे। लगभग 15 से अधिक किसान उत्पादक संगठन (FPO) भी इस ट्रेड शो में हिस्सा लेंगे, जिनमें बुलंदशहर, प्रयागराज, झांसी, मेरठ समेत कई जिलों के एफपीओ शामिल हैं।
1000 वर्ग मीटर में कृषि विभाग की प्रदर्शनी
कृषि विभाग की प्रदर्शनी में कृषि शिक्षा, कृषि उपकरण, बीज, उर्वरक, और पौध संरक्षण रसायनों के उत्पाद प्रमुख रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा, पांच प्रमुख कृषि विश्वविद्यालय चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (कानपुर), आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (कुमारगंज, अयोध्या), सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (मोदीपुरम, मेरठ), बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और सैम हिंगिंग बॉटम कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (शियाट्स, नैनी प्रयागराज) भी अपनी उपलब्धियों और अनुसंधान कार्यों को प्रदर्शित करेंगे।
कृषि विभाग ने नियुक्त किए नोडल अधिकारी
ट्रेड शो के सफल आयोजन के लिए कृषि विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए हैं। बीज उत्पादन कंपनियों के लिए डॉ. अमरनाथ मिश्र, उर्वरक कंपनियों के लिए डॉ. आशुतोष कुमार मिश्र, कृषि उपकरण व ड्रोन कंपनियों के लिए नरेंद्र कुमार, तथा कृषि रक्षा रसायन के लिए टीएम त्रिपाठी को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप और नई तकनीक के लिए IIT कानपुर के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की कृषि ताकत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इसमें प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालय, एफपीओ, बीज व उर्वरक निर्माता कंपनियां, और कृषि यंत्रीकरण क्षेत्र की प्रमुख संस्थाएं शामिल होंगी। मेले में आए देश-विदेश के प्रतिनिधि प्रदेश की कृषि प्रगति और उन्नत तकनीकों से रूबरू होंगे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture