Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह का रायसेन दौरा, बोले- GST रिफॉर्म्स से खेती होगी सस्ती और लाभकारी

22 सितम्बर 2025, नई दिल्ली: केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह का रायसेन दौरा, बोले- GST रिफॉर्म्स से खेती होगी सस्ती और लाभकारी – केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायसेन का दौरा किया। उन्होंने यहां कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सबसे पहले उन्होंने अवंतिका कॉलोनी में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लिया और सेवा पखवाड़े के तहत 75 पौधे लगाए। इसके बाद साँची में “नमो वाटिका” का उद्घाटन किया और एक रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर में भी शिरकत की।

केंद्रीय मंत्री ने रायसेन में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लोगों को स्वच्छता, एक राष्ट्र-एक चुनाव, और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।

किसानों को मिली राहत: ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों पर GST घटा

मंत्री चौहान ने रायसेन में व्यापारियों और किसानों से मुलाकात कर GST सुधारों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर, जो नवरात्रि का पहला दिन है, से ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों पर जीएसटी की दर 18% से घटाकर 5% कर दी जाएगी। इस फैसले से ट्रैक्टर की कीमतों में ₹23,000 से ₹63,000 तक की कमी आएगी।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने बताया कि यह कदम किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है। लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए खेती में मशीनीकरण बेहद जरूरी है। कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि सभी कृषि उपकरण विक्रेता यह सुनिश्चित करें कि किसानों को नई दरों का लाभ तुरंत मिल सके।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत का संदेश

केंद्रीय मंत्री ने देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सब से आग्रह किया है कि हम रोज़मर्रा में उपयोग आने वाली वस्तुएं उन्हीं को खरीदें, जो भारत में बनी हों। स्वदेशी वस्तुएं अपनाने से देश के कारीगरों, महिला स्व-सहायता समूहों, स्थानीय उत्पादकों और MSME उद्योगों को मज़बूती मिलेगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, लेकिन हमारा लक्ष्य है कि भारत को नंबर 1 अर्थव्यवस्था बनाया जाए। इसके लिए हर नागरिक को आत्मनिर्भर भारत के इस अभियान में भागीदारी निभानी होगी।

स्वच्छता और सेवा पखवाड़े में सक्रिय भागीदारी की अपील

मंत्री चौहान ने रायसेन के एक मंदिर में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और वहां सफाई कर लोगों को स्वच्छ भारत मिशन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पहले स्वच्छता को केवल नगर पालिका का काम माना जाता था, लेकिन अब यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति साल में 100 दिन और हफ्ते में 2 घंटे सफाई के लिए जरूर निकाले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से लेकर गांधी जयंती तक चलने वाले इस सेवा पखवाड़े में पूरे देश में वृक्षारोपण, रक्तदान, और स्वच्छता जैसे अनेक जनहित के कार्य हो रहे हैं।

समाज के हर वर्ग से भागीदारी की उम्मीद

कार्यक्रम के अंत में मंत्री चौहान ने कहा कि यदि हम सब मिलकर संकल्प लें तो गांव, मोहल्ला, और शहर सब स्वच्छ और सुंदर बन सकते हैं। किसानों को जीएसटी में छूट, आमजन को स्वच्छता का संदेश, और देशवासियों को स्वदेशी अपनाने का आग्रह- इन तीनों बातों को लेकर श्री चौहान का रायसेन दौरा बहुत प्रभावी और जनकल्याणकारी रहा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture