पांढुर्ना कलेक्टर ने किया जैविक ग्राम भुम्मा का भ्रमण
18 अप्रैल 2026, (उमेश खोड़े, कृषक जगत): पांढुर्ना कलेक्टर ने किया जैविक ग्राम भुम्मा का भ्रमण – जैविक कृषि एवं ग्रामीण आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण बन रहे पांढुर्णा जिले के ग्राम भुम्मा का, कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा सहपरिवार भ्रमण किया गया। जहां हर घर में पशुधन एवं बॉयोगैस की उपलब्धता है, वहीं अब इस जैविक ग्राम में होम स्टे विकसित करने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
शुक्रवार को कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा सहपरिवार ग्राम भुम्मा पहुंचकर किसान श्री मटरू लाल डोंगरे के प्रक्षेत्र में हो रही जैविक हल्दी की खेती एवं प्रोसेसिंग यूनिट का भ्रमण किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती की प्रक्रिया की जानकारी ली। श्री मटरूलाल डोंगरे ने बताया कि उनकी जैविक हल्दी आस्ट्रेलिया, पेरिस एवं जापान तक निर्यात हो रही है और वे अन्य किसानों को भी इस दिशा में प्रेरित कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने गांव के किसानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए सभी किसानों को समूह में हल्दी उत्पादन कर मार्केट लिंकेज के माध्यम से सामूहिक रूप से विक्रय करने के लिए प्रेरित किया, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके। साथ ही, ग्राम भुम्मा की प्राकृतिक सुंदरता एवं जामसांवली तथा अर्धनारीश्वर मंदिर के समीप स्थित होने को ध्यान में रखते हुए गांव में होम स्टे निर्माण करने का सुझाव दिया, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो सकें।
ग्राम भुम्मा में लगभग 230 परिवार निवासरत हैं, जिनमें लगभग सभी परिवारों के पास पशुधन उपलब्ध है तथा करीब 85 प्रतिशत परिवार घरेलू उपयोग में बायोगैस का उपयोग कर रहे हैं। इससे गांव के किसान एलपीजी गैस पर निर्भर नहीं हैं। साथ ही, बायोगैस संयंत्र से निकलने वाली खाद का उपयोग खेतों में किया जा रहा है। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने किसान श्री धनवत गोहिते के प्रक्षेत्र में ग्रीष्मकालीन मूंगफली, मूंग, मक्का, गोभी एवं बायोगैस संयंत्र का अवलोकन किया तथा कृषक श्री प्रहलाद गोहिते के खेत में तरबूज की खेती का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने किसानों से जैविक खेती पर चर्चा की और मटरू लाल डोंगरे के कार्यों की सराहना करते हुए किसानों से प्राकृतिक उत्पादों को जैविक हाट बाजार में उपलब्ध कराने की अपील की। भ्रमण के दौरान सहायक संचालक कृषि श्री दीपक चौरसिया, कृषि विस्तार अधिकारी श्री पंकज पराडकर, श्री कैलाश चुर्वे, श्री दिलीप परतेती, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर श्री सुभाष साहू, असिस्टेंट टेक्नोलॉजी मैनेजर श्रीमती दीपिका गायकवाड़ सहित ग्राम के समस्त प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

