जबलपुर में जैविक हाट: गुणवत्तापूर्ण उत्पादों ने जीता उपभोक्ताओं का भरोसा
07 अप्रैल 2026, जबलपुर: जबलपुर में जैविक हाट: गुणवत्तापूर्ण उत्पादों ने जीता उपभोक्ताओं का भरोसा – कृषि उपज मंडी परिसर में इस रविवार को भी जैविक हाट का सफल आयोजन किया गया। जैविक हाट में उपभोक्ताओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। यह लोगों में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता और जैविक उत्पादों की मांग को दर्शाता है।
रविवार को लगाए गए जैविक हाट में भी बड़ी संख्या में पहुँचे उपभोक्ताओं ने न केवल जैविक उत्पादों की खरीदारी की, बल्कि जैविक खेती के तरीकों और उसके लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की। जैविक हाट में किसानों को भी जैविक प्रमाणन, विपणन एवं पैकेजिंग से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया गया, ताकि वे अपने उत्पादों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकें। कृषि उपज मंडी परिसर में लगाए जा रहे जैविक हाट की सफलता को देखते हुए अब जिला प्रशासन द्वारा रेल सौरभ कॉलोनी कांचघर स्थित महाकौशल हाट बाजार में भी प्रत्येक गुरुवार को जैविक हाट के आयोजन का निर्णय लिया गया है। इसकी शुरुआत इसी गुरुवार से होगी।
ज्ञात हो कि जैविक खेती को बढ़ावा देने, किसानों को उचित बाजार उपलब्ध कराने तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं रसायन-मुक्त उत्पाद सुलभ कराने के उद्देश्य से लगाये जा रहे जैविक हाट में जिले के विभिन्न विकास खंडों से जुड़े जैविक किसान अपने उत्पाद जैसे ताजी सब्जियां, फल, दालें, अनाज, मसाले एवं अन्य घरेलू उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा रहे हैं। जैविक हाट की विशेषता यह है कि यहां उत्पाद बिना किसी बिचौलिये के सीधे किसानों से खरीदे जा सकते हैं, जिससे किसानों को उचित मूल्य प्राप्त होता है और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उचित दर पर मिलती है। कृषि उपज मंडी परिसर में लगाए गए जैविक हाट में संयुक्त संचालक कृषि श्री के एस नेताम, उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डाॅ इंदिरा त्रिपाठी एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शहपुरा श्री एस के परतेती भी मौजूद थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

