राज्य कृषि समाचार (State News)

बरलाई शक्कर कारखाना की भूमि हस्तांतरण के विरोध में आपत्तियां प्रस्तुत

15 फरवरी 2026, इंदौरबरलाई शक्कर कारखाना की भूमि हस्तांतरण के विरोध में आपत्तियां प्रस्तुत – बरलाई जागीर स्थित मालवा सहकारी शक्कर कारखाना की लगभग 33 हेक्टेयर भूमि को उद्योग विभाग को हस्तांतरित किए जाने की प्रस्तावित प्रक्रिया के विरोध में  आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि पर बड़ी संख्या में शेयरधारक किसान सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। किसानों ने संगठित रूप से अपनी लिखित आपत्तियां प्रस्तुत कर भूमि हस्तांतरण के निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की।

किसानों का कहना है कि यह भूमि उनकी अंश पूंजी, परिश्रम और वर्षों की सहभागिता से स्थापित सहकारी संस्था की संपत्ति है। बिना शेयरधारकों की सहमति के इसे किसी भी औद्योगिक अथवा निजी प्रयोजन के लिए हस्तांतरित करना न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि सहकारिता की मूल भावना के भी विपरीत है। इस संदर्भ में  शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा के श्री चंदन सिंह बड़वाया, श्री बलराम नरवलिया भी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और उन्होंने स्वयं अपनी आपत्ति दर्ज कराई ।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेता सर्वश्री रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव,  शैलेन्द्र पटेल ने  संयुक्त रूप से कहा कि विकास और रोजगार सृजन का वे विरोध नहीं करते, किंतु जिन किसानों की भूमि और पूंजी के आधार पर यह परियोजना प्रस्तावित है, उनके अधिकारों, उचित मुआवजे और भविष्य की सुरक्षा को सुनिश्चित किए बिना किसी भी प्रकार का निर्णय स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने मांग दोहराई कि भूमि हस्तांतरण से पूर्व सभी शेयरधारक किसानों की सहमति ली जाए, वर्तमान बाजार मूल्य के अनुरूप उचित मुआवजा प्रदान किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को प्रस्तावित उद्योग में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए। किसान नेताओं ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा किसानों की जायज मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया गया तो वे लोकतांत्रिक एवं विधिसम्मत तरीके से आगे की रणनीति तय  करेंगे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements