Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

लाड़ली बहना योजना में अब ट्रैक्टर वाले परिवारों की महिलाएँ भी होंगी शामिल

12 जुलाई 2023, इंदौर: लाड़ली बहना योजना में अब ट्रैक्टर वाले परिवारों की महिलाएँ भी होंगी शामिल – इंदौर में लाड़ली बहनों के प्रदेश स्तरीय विशाल सम्मेलन में गत दिनों मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सप्त क्रांति के माध्यम से प्रदेश में महिलाओं एवं बेटियों के मान-स्वाभिमान को बढ़ाने, जीवन की सुरक्षा, सशक्त बनाने, कल्याण, शिक्षा तथा स्वास्थ्य में मदद देने और आजीविका के साधन तथा अवसर उपलब्ध कराने के कार्य तेजी से किये जा रहे हैं। महिलाओं एवं बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की पहल की जा रही है। यह एक सामाजिक क्रांति है। इस क्रांति के माध्यम से महिलाओं एवं बेटियों को नया जीवन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना में अब वैवाहिक पात्र महिलाओं की न्यूनतम आयु 23 वर्ष के स्थान पर 21 वर्ष की गई है। साथ ही  ट्रैक्टर  वाले परिवारों की महिलाओं को भी योजना में शामिल किया गया है। इन पात्र महिलाओं से आवेदन-पत्र जमा करने का सिलसिला 25 जुलाई से प्रारंभ किया जायेगा।  कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खाते में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की दूसरी किस्त की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। उन्होंने वर्चुअली प्रदेश के सभी जिलों में मौजूद लाड़ली बहनों को संबोधित किया और प्रदेश में वार्ड तथा ग्राम पंचायतों में गठित लाड़ली बहना सेना की सदस्यों को शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली बहना सेना के सदस्यों के कर्तव्यों और दायित्वों की जानकारी देते हुए कहा कि यह सेना संगठित प्रयास कर विभागीय अधिकारियों के सहयोग से जरूरतमंद बहनों को शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ दिलाने का कार्य करेंगी। इनकी हर माह बैठक होगी। लाड़ली सेना एक नई सामाजिक क्रांति की संवाहक बनेंगी और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करेंगी। सामाजिक सुधार के अभियानों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली बहना सेना के सदस्यों को शपथ दिलाई।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें