राज्य कृषि समाचार (State News)

अब WhatsApp से घर बैठे बुक करें उर्वरक, MP सरकार ने शुरू किया चैटबॉट; 10 स्टेप में समझें पूरी प्रक्रिया  

19 अगस्त 2026, भोपाल: अब WhatsApp से घर बैठे बुक करें उर्वरक, MP सरकार ने शुरू किया चैटबॉट; 10 स्टेप में समझें पूरी प्रक्रिया – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों की सुविधा के लिए किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा उर्वरक बुकिंग के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट सुविधा प्रारंभ की गई है। इस सुविधा के माध्यम से किसान सरल एवं सुविधाजनक तरीके से अपने मोबाइल से उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। किसान आधिकारिक WhatsApp Business (WABA) नंबर पर “Help” या “Fertilizer” लिखकर सेवा प्रारंभ कर सकते हैं। आधार सत्यापन और OTP के बाद किसान अपनी पात्र भूमि के अनुसार फसल और उर्वरक का चयन कर सकेंगे। बुकिंग पूरी होने पर WhatsApp के जरिए QR कोड वाला उर्वरक टोकन जारी किया जाएगा।

WhatsApp से उर्वरक बुक करने की 10 आसान स्टेप

1. WhatsApp पर चैट शुरू करें
किसान आधिकारिक WhatsApp Business नंबर पर “Help” या “Fertilizer” लिखकर चैट शुरू करेंगे।

2. आधार नंबर दर्ज करें
इसके बाद किसान को अपना पंजीकृत आधार नंबर दर्ज करना होगा।

3. OTP से सत्यापन करें
आधार का सत्यापन होने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर OTP प्राप्त होगा। इसे दर्ज कर आगे बढ़ना होगा।

4. प्रोफाइल की जानकारी देखें
OTP सत्यापन के बाद किसान का प्रोफाइल विवरण स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।

5. भूमि और जिले का चयन करें
किसान अपनी भूमि का विवरण देखकर संबंधित जिले का चयन करेंगे।

6. फसल का चयन करें
पात्र भूमि या खसरे के विरुद्ध संबंधित फसल का चयन कर उसका विवरण सुरक्षित करना होगा।

7. उर्वरक और मात्रा चुनें
इसके बाद किसान को उर्वरक का प्रकार, उर्वरक और आवश्यक मात्रा का चयन करना होगा।

8. रिटेलर और उठाव की तारीख चुनें
किसान संबंधित ब्लॉक, रिटेलर, कंपनी और पात्र उर्वरक उठाव की तारीख का चयन करेंगे।

9. QR कोड वाला टोकन मिलेगा
सिस्टम उर्वरक की उपलब्धता का सत्यापन करने के बाद QR कोड युक्त उर्वरक टोकन जारी करेगा।

10. WhatsApp पर मिलेगी पूरी जानकारी
किसान को WhatsApp पर टोकन नंबर, रिटेलर, उर्वरक का विवरण, उठाव की तारीख और टोकन की वैधता की जानकारी मिल जाएगी।

किसानों को मिलेगी डिजिटल सुविधा

यह सुविधा उर्वरक बुकिंग प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं किसान-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों को उर्वरक बुकिंग के लिए कार्यालय अथवा अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्हें डिजिटल माध्यम से सुविधाजनक सेवा प्राप्त होगी। यह पहल मध्यप्रदेश में तकनीक आधारित एवं किसान हितैषी डिजिटल सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture