सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, 15 विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश
24 नवंबर 2026, भोपाल: सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, 15 विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का तय समय-सीमा से निराकरण नहीं करने और लगातार लापरवाही बरतने वाले 15 विभागों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में अतिरिक्त जिला प्रभारी श्री महेन्द्र कवचे और जिला पंचायत प्रमुख कार्यकारी अधिकारी श्रीमती इला तिवारी ने संबंधित विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा में पाया गया कि उच्च शिक्षा, आयुष, वन, सामान्य प्रशासन (जीएडी), सामाजिक न्याय, जेल, अनुसूचित जाति कल्याण, लोक निर्माण, मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, जल संसाधन, उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, खनिज, पर्यटन, खेल एवं युवक कल्याण और आपदा प्रबंधन विभागों में शिकायतों के समाधान में देरी और लापरवाही है।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शिकायतों को बेवजह दूसरे विभागों में न भेजें और संबंधित विभाग स्वयं अपने स्तर पर तय समय-सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित करें।
अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश
बैठक में अपर कलेक्टर श्री महेन्द्र कवचे ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन के निर्देश के अनुसार लंबित अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का तुरंत निपटारा करने का आदेश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके अलावा विभिन्न आयोगों से प्राप्त शिकायतों का निराकरण करने और जनप्रतिनिधियों से मिले पत्रों पर समय पर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया।
जल गंगा संवर्धन अभियान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2026-27’ के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। यह अभियान 7 अप्रैल से 30 जून तक चलाया जाएगा। कार्ययोजना में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही पूर्ण और आगे बढ़ रही परियोजनाओं की समीक्षा भी शामिल करने की बात कही गई है।
बैठक में कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने जल संसाधन विभाग को भोपाल की सभी नहरों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही राजस्व अधिकारियों को अपने मूल कामों को सबसे ऊपर रखने और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत आने वाली सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


