Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

हरदा में तीन दिन चलेगी किसान चौपाल, कृषि से लेकर पशुपालन और उद्यानिकी योजनाओं की मिलेगी जानकारी

24 नवंबर 2026, हरदा: हरदा में तीन दिन चलेगी किसान चौपाल, कृषि से लेकर पशुपालन और उद्यानिकी योजनाओं की मिलेगी जानकारी – मध्यप्रदेश के हरदा जिले में किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं का निराकरण करने के उद्देश्य से 25 से 27 नवंबर तक किसान चौपाल आयोजित की जाएंगी। जिला पंचायत द्वारा जिले की तीन ग्राम पंचायतों में शाम 4 बजे से चौपाल लगाई जाएगी। इसमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और किसानों को योजनाओं की जानकारी देंगे।

तीन गांवों में होगा आयोजन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर को टिमरनी विकासखंड के ग्राम रायबोर के पंचायत भवन, 26 नवंबर को खिरकिया विकासखंड के ग्राम बावड़िया (चारूवा) के नए पंचायत भवन और 27 नवंबर को हरदा विकासखंड के ग्राम हंडिया में किसान चौपाल आयोजित होगी। हंडिया में चौपाल मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम के अंतर्गत लगाई जाएगी।

कृषि से लेकर पशुपालन योजनाओं की मिलेगी जानकारी

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव ने बताया कि चौपाल में उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी, राजस्व, मत्स्य, कृषि उपज मंडी, बैंक एवं सहकारिता, विद्युत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।कृषि विभाग द्वारा नरवाई जलाने पर प्रतिबंध, हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर के उपयोग, खाद-बीज विक्रय प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और मृदा परीक्षण की जानकारी दी जाएगी। उद्यानिकी विभाग फसलोत्तर प्रबंधन, क्लस्टर आधारित उद्यानिकी फसलों के विस्तार, एआईएफ योजना और औषधीय फसलों की खेती के बारे में बताएगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

सहकारिता विभाग द्वारा अल्प अवधि फसल ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड और पैक्स की डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं, मत्स्य विभाग मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026, मछली पालन और केज कल्चर को बढ़ावा देने संबंधी जानकारी देगा। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा हिरण्यगर्भा अभियान, नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान, लखपति गोपालन दीदी नवाचार और बकरी, मुर्गी एवं गाय पालन की योजनाओं की जानकारी देकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

बिजली और जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी

विद्युत विभाग द्वारा बिजली प्रदाय, सब्सिडी एवं छूट, बिजली बिल संबंधी समस्याओं और कुसुम योजना की जानकारी दी जाएगी। जल संसाधन विभाग द्वारा ओसरा बंदी, नहरों पर लगे कैमरों, जल संरक्षण, बोरी बंधान, कूप एवं हैंडपंप रिचार्ज और तालाब निर्माण के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व विभाग द्वारा स्वरोजगार ऋण योजनाओं, स्व-सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल बीमा योजना और स्वामित्व योजना की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, समग्र आईडी और आधार कार्ड से संबंधित मार्गदर्शन भी मिलेगा।

चौपाल में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करेंगे और उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करेंगे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture