बेरछा में प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण आयोजित
23 जुलाई 2022, इंदौर: बेरछा में प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण आयोजित – महू विकास खंड के ग्राम बेरछा में गुरुवार को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि एवं उद्यानिकी विस्तार अधिकारियों एवं कृषकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व )श्री अक्षत जैन ,परियोजना संचालक आत्मा श्रीमती शर्ली जॉन थॉमस, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री आर एन एस तोमर,मास्टर ट्रेनर श्री मारुति माने, कृषि एवं उद्यानिकी विस्तार अधिकारी और कृषक उपस्थित थे।
श्री जैन ने समस्त विस्तार अधिकारियों से कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राकृतिक खेती के सभी आयामों को अच्छी तरह समझकर बड़ी संख्या में किसानों को प्राकृतिक खेती हेतु प्रेरित करना है। किसानों से सम्पर्क कर उन्हें प्राकृतिक तत्वों का सही उपयोग करना सिखाएं , ताकि उत्पादन भी कम न हो और किसान प्राकृतिक खेती का रकबा बढ़ाने के लिए सहमत हो सके। श्रीमती शर्ली जॉन थॉमस ने कहा कि प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकृत किसानों से अनिवार्य रूप से सम्पर्क कर उन्हें प्राकृतिक खेती के लिए समझाईश और प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाए , ताकि किसान सही ढंग से खेती कर अच्छा उत्पादन प्राप्त कर सके।
इस मौके पर श्री मारुति माने ने उपस्थित विस्तार अधिकारियों और किसानों को जीवामृत, घन जीवामृत, नीमास्त्र , ब्रह्मास्त्र ,अग्नि अस्त्र आदि के बनाने में प्रयोग होने वाली सामग्री और बनाने की विधि विस्तार से बताई। इस दौरान किसानों द्वारा पूछे गए सवालों का उनके द्वारा समाधानकारक जवाब भी दिया गया। इसके पश्चात फार्म पर ही नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र बनाने का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि प्रत्यक्ष में देखकर सीख सकें। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री आर एन एस तोमर ने किया और आभार प्रदर्शन सहायक तकनीकी प्रबंधक आत्मा श्री अरविन्द चाचरिया ने व्यक्त किया।
महत्वपूर्ण खबर: 12 लाख टन चीनी निकासी की संभावना