Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

पुष्कर मेले में 1 करोड़ की ‘नगीना’ का जलवा, एक झलक पाने उमड़े देशी-विदेशी पर्यटक

19 नवंबर 2026, पुष्कर: पुष्कर मेले में 1 करोड़ की ‘नगीना’ का जलवा, एक झलक पाने उमड़े देशी-विदेशी पर्यटक – राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले में इस बार बेशकीमती घोड़े और दुर्लभ नस्ल के पशु लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनमें पंजाब से आई करीब एक करोड़ रुपये कीमत वाली प्रीमियम नस्ल की घोड़ी ‘नगीना’ सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसकी खूबसूरती और शाही अंदाज देखने के लिए देशभर से घोड़ा प्रेमी और खरीदार पहुंच रहे हैं। वहीं अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया से आए विदेशी पर्यटक भी नगीना के साथ सेल्फी ले रहे हैं।

मशहूर घोड़े ‘दिलबाग’ की बेटी है नगीना

नगीना देशभर में प्रसिद्ध घोड़े ‘दिलबाग’ की बेटी है। उसने पंजाब और हरियाणा में आयोजित चार बड़े हॉर्स शो में लगातार जीत दर्ज की है। उसकी शानदार चाल, आकर्षक रंगत और नाक-कान की खास बनावट घोड़ा प्रेमियों को खूब पसंद आ रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, नगीना अपने पिता दिलबाग की तरह रॉयल अंदाज और शानदार व्यक्तित्व रखती है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, गुजरात और मध्यप्रदेश से आए सैकड़ों घोड़ा व्यापारी भी उसे देखने पहुंच रहे हैं। कई खरीदारों ने उसे खरीदने के प्रस्ताव भी दिए हैं। मेला समिति के अधिकारी के अनुसार, नगीना का प्रदर्शन हर शाम किया जाता है, जिसे देखने बड़ी संख्या में दर्शक जुटते हैं।

21 करोड़ का ‘गोल्डन किंग’ भी बना आकर्षण

पुष्कर मेले में केवल नगीना ही नहीं, बल्कि कई अन्य बेशकीमती घोड़े भी चर्चा में हैं। मारवाड़ी नस्ल का ‘गोल्डन किंग’ अपनी करीब 21 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत को लेकर सुर्खियों में है। इसके अलावा पांच साल का घोड़ा ‘बादल’ भी घोड़ा प्रेमियों को आकर्षित कर रहा है। वहीं महज 36 इंच ऊंचाई वाला पौनी नस्ल का घोड़ा ‘भालू’ अपनी छोटी कद-काठी और अनूठी बनावट के कारण लोगों के बीच खास आकर्षण बना हुआ है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

पुंगनूर गाय और 800 किलो का भैंसा भी चर्चा में

मेले में दक्षिण भारत से लाई गई दुर्लभ पुंगनूर गाय भी लोगों का ध्यान खींच रही है। छोटे कद वाली इस गाय की खासियत इसका सीमित आकार और दूध देने की क्षमता है। वहीं बीकानेर से लाया गया करीब 800 किलो वजनी मुर्रा नस्ल का भैंसा भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ‘छोटा सुल्तान’ और ‘बादल’ नाम से चर्चित भैंसों के साथ विशालकाय बैल ‘धाकड़’ को देखने के लिए भी पशुप्रेमियों की भीड़ पहुंच रही है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

बकरी सुंदरी प्रतियोगिता और ऊंटों की रौनक

पुष्कर मेले में इस बार पशुओं की नस्ल और सुंदरता को लेकर भी विशेष आयोजन हो रहे हैं। राजस्थान की प्रसिद्ध सिरोही और सोजत नस्ल की बकरियों के बीच आयोजित ‘बकरी सुंदरी’ प्रतियोगिता लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके साथ ही मेले की पारंपरिक पहचान ऊंटों की रौनक भी देखते ही बन रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए सजे-धजे ऊंटों की रेस और सौंदर्य प्रतियोगिताएं पर्यटकों को खूब लुभा रही हैं।

विदेशी पर्यटकों को भी लुभा रहा पुष्कर मेला

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला पुष्कर मेला राजस्थान के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक आयोजनों में शामिल है। यहां देशभर से किसान, पशुपालक और व्यापारी ऊंट, घोड़े, गाय और भैंसों की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते हैं। पशुओं के अलावा मेले में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा, लोक संगीत और स्थानीय व्यंजनों का भी खास आकर्षण रहता है। इस बार एक करोड़ की घोड़ी ‘नगीना’ और 21 करोड़ के अनुमानित मूल्य वाले ‘गोल्डन किंग’ जैसे बेशकीमती पशुओं ने मेले की रौनक और बढ़ा दी है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture