राजस्थान में मशरूम खेती को मिलेगा बढ़ावा, किसानों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
27 जून 2026, जयपुर: राजस्थान में मशरूम खेती को मिलेगा बढ़ावा, किसानों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण – किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से राजस्थान सरकार अब मशरूम खेती को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने उदयपुर संभाग के दौरे के दौरान कहा कि राज्य के सभी जिलों में मशरूम की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के साथ व्यापक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्राकृतिक खेती और नवाचार पर रहेगा जोर
उदयपुर संभाग के कृषि अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कृषि आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि में नवाचार, प्राकृतिक खेती और उच्च मूल्य वाली फसलों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जाए।
सभी जिलों में लागू होगा FFS
बैठक के दौरान कृषि आयुक्त ने Farmers Fertilisers Framework (FFS) को उदयपुर संभाग के सभी जिलों में तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से उर्वरकों का पारदर्शी, वैज्ञानिक और प्रभावी वितरण सुनिश्चित होगा, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कृषि शिक्षा को आधुनिक बनाने के निर्देश
श्री गोयल ने कृषि शिक्षा को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि राजकीय कृषि महाविद्यालयों के व्याख्याता आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करें, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और नियमित शिक्षा मिल सके।
PPP मॉडल पर विकसित होगा प्रताप विश्वविद्यालय
कृषि आयुक्त ने प्रताप विश्वविद्यालय को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे कृषि शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास को नई गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों और किसानों दोनों को इसका लाभ मिलेगा।
मशरूम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का किया निरीक्षण
अपने दौरे के दौरान नरेश कुमार गोयल ने मशरूम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और प्राकृतिक खेती से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मशरूम उत्पादन, प्राकृतिक खेती, मूल्य संवर्धन और आधुनिक कृषि तकनीकों से संबंधित अधिक से अधिक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित कर सकें।
योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश
कृषि आयुक्त ने कहा कि कृषि विभाग का लक्ष्य किसानों तक नई तकनीक, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर सेवाएं पहुंचाकर कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

