Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

पूर्ण जैविक खेती के लिए मुकेश के जतन जारी

1 फरवरी 2021,इंदौर , पूर्ण जैविक खेती के लिए मुकेश के जतन जारी- जैविक खेती की लागत कम होने और लाभ अधिक होने से कई किसान आंशिक खेती करते मिल जाएंगे, लेकिन धार जिले की मनावर तहसील के ग्राम वायल के उन्नत कृषक श्री मुकेश पाटीदार ऐसे किसान हैं, जो धीरे-धीरे अपनी जमीन को पूर्ण जैविक खेती में तब्दील करते जा रहे हैं। उन्होंने आगामी चार वर्षों में पूर्ण जैविक खेती करने का लक्ष्य तय किया है।

श्री मुकेश पाटीदार ने कृषक जगत को बताया कि उनके पास ढाई हेक्टेयर जमीन है, जिसमें से एक हेक्टेयर ज़मीन पर वे शत प्रतिशत जैविक खेती कर रहे हैं। एक साथ जैविक खेती में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता, इसलिए शेष डेढ़ हेक्टेयर जमीन में से हर साल रसायनिक खेती का रकबा 25 प्रतिशत कम करते जा रहे हैं। इस तरह वे अगले चार साल में पूर्ण जैविक खेती का लक्ष्य पा लेंगे। श्री पाटीदार ने गत वर्ष उद्यानिकी फसल के तहत दो बीघा में जैविक अदरक और सवा बीघा में जैविक प्याज लगाया था। इससे उन्हें 62 क्विंटल अदरक और 65 क्विंटल प्याज का उत्पादन मिला, जिसे बेचने पर साढ़े चार लाख रुपए मिले। खरीफ में जैविक कपास के अलावा इस वर्ष डेढ़ -डेढ़ बीघा में जैविक तरबूज और जैविक प्याज लगाया है।

गेहूं पूसा तेजस 8759 और चना भी लगाया है। तरबूज में स्वनिर्मित वर्मी कम्पोस्ट और गेहूं में वर्मी खाद के साथ जीवामृत भी डाला है। इसके अलावा फसलों में स्वयं द्वारा निर्मित जैविक ह्यूमिक एसिड, माइक्रोन्यूट्रिएंट, दाल तत्व और 10 पत्ती तत्व का भी प्रयोग किया जाता है। मनावर कृषि विभाग के वैज्ञानिक डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर ने इनकी फसलों का अवलोकन कर कहा कि यह क्षेत्र के ऐसे पहले किसान हैं, जो दो साल से जैविक खेती में अच्छा उत्पादन ले रहे हैं। जल्द ही गांव में किसानों का समूह बनाकर जैविक खेती की कार्य योजना बनाई जाएगी। बता दें कि श्री पाटीदार को आत्मा परियोजना, धार द्वारा फरवरी 2020 में उत्कृष्ट किसान के रूप में 10 हजार रुपए नकद पुरस्कार भी दिया जा चुका है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile


गत दिनों मनावर आए राज्य के कृषि मंत्री श्री कमल पटेल को श्री मुकेश पाटीदार ने सुझाव दिया कि जो किसान जैविक प्रमाणीकरण संस्था में पंजीकृत हो, उन्हें प्रति एकड़ 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए। इससे अन्य किसान भी जैविक खेती की ओर अग्रसर होंगे। कृषि मंत्री ने इस पर विचार करने का आश्वासन देकर उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण के लिए दी जाने वाली सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने को कहा। पूर्ण जैविक खेती के लिए श्री मुकेश के जतन जारी हैं। सम्पर्क : 9584781828

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें