धार के किसान असलम शाह ने अपनाई गुलाब-गेंदा की खेती, सालाना कमा रहे 3 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा
15 अक्टूबर 2026, धार: धार के किसान असलम शाह ने अपनाई गुलाब-गेंदा की खेती, सालाना कमा रहे 3 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा – पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इसका उदाहरण धार तहसील के ग्राम तुर्क बगड़ी के कृषकअसलम शाह, पिता मकबूल शाह हैं, जिन्होंने पुष्प खेती को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। किसान शाह पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना (एमआईडीएच) के अंतर्गत 0.750 हेक्टेयर क्षेत्र में गुलाब, गेंदा एवं गुलदाउदी की खेती कर रहे हैं। योजना के तहत उन्हें 37,500 रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई है। वर्तमान में वे पुष्प उत्पादन से प्रतिवर्ष लगभग 3 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित कर रहे हैं।
पारंपरिक खेती के साथ अपनाई पुष्प खेती
असलम शाह पहले सोयाबीन एवं गेहूं जैसी पारंपरिक फसलों की खेती करते थे। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और अपेक्षाकृत कम उत्पादन के कारण उन्हें खेती से अपेक्षित आय नहीं मिल पा रही थी। अपनी आमदनी बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से उन्होंने उद्यानिकी विभाग से संपर्क किया और वैकल्पिक फसलों की संभावनाओं को समझा।
विभागीय मार्गदर्शन से मिली आधुनिक खेती की जानकारी
उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने शाह को पुष्प उत्पादन, संरक्षित खेती, मल्चिंग तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्हें आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। विभागीय मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से प्रेरित होकर उन्होंने पारंपरिक फसलों के साथ पुष्प उत्पादन शुरू करने का निर्णय लिया। पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना के तहत मिले अनुदान से उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिली।
गुलाब, गेंदा और गुलदाउदी की खेती से बढ़ी आमदनी
वर्तमान में श्री असलम शाह अपने 0.750 हेक्टेयर क्षेत्र में गुलाब, गेंदा एवं गुलदाउदी का उत्पादन कर रहे हैं। आधुनिक कृषि तकनीकों और विभागीय मार्गदर्शन का उपयोग करते हुए वे पुष्प खेती से बेहतर आय प्राप्त कर रहे हैं। फूलों के उत्पादन से प्रतिवर्ष लगभग 3 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित कर वे अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर रहे हैं। कृषक असलम शाह की सफलता इस बात का उदाहरण है कि पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी एवं पुष्प उत्पादन को अपनाकर किसान अपनी आय के नए स्रोत विकसित कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


