MP Weather: भीषण गर्मी से तप रहा मध्यप्रदेश, सतना-छतरपुर समेत कई जिले लू की चपेट में, IMD ने जारी किया अलर्ट
28 मई 2026, भोपाल: MP Weather: भीषण गर्मी से तप रहा मध्यप्रदेश, सतना-छतरपुर समेत कई जिले लू की चपेट में, IMD ने जारी किया अलर्ट – भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा, जबकि सतना, खजुराहो (छतरपुर), नौगांव, टीकमगढ़, दमोह और दतिया जिलों में लू का प्रभाव दर्ज किया गया। वहीं छिंदवाड़ा जिले में गर्म रात की स्थिति बनी रही।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस खजुराहो (छतरपुर) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी
प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में खजुराहो 46.4°C, नौगांव 45.6°C, बैरसिया और दतिया 45.2°C, सतना-टीकमगढ़-दमोह 45°C तथा विदिशा और रीवा 44.8°C तापमान के साथ शामिल रहे।
वहीं सबसे कम अधिकतम तापमान पचमढ़ी में 36.8°C दर्ज किया गया। अमरकंटक में 38.2°C, मंदसौर में 39.2°C तथा नीमच के मरुखेड़ा में 39.8°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुना सबसे गर्म रात वाला शहर रहा, जहां रात का तापमान 31.4°C दर्ज किया गया। इसके अलावा अशोकनगर, रायसेन और राजगढ़ में भी गर्म रात का असर देखने को मिला।
मौसम की वर्तमान स्थिति
IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 27 मई को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में आगे बढ़त दर्ज की है। अगले 2-3 दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाले कई सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश और ओडिशा क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर बिहार से तेलंगाना तक द्रोणिका सक्रिय है, जिससे कुछ जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
इन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग ने सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। सिवनी और पांढुर्णा में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
कई जिलों में हीट वेव और सीवियर हीट वेव अलर्ट
IMD ने सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तीव्र ऊष्ण लहर (Severe Heat Wave) की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा दतिया, राजगढ़, आगर मालवा, भिंड, रीवा, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, दमोह, सागर और मैहर जिलों में भीषण गर्मी का असर बना रहने की संभावना है।
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर और डिंडोरी समेत कई जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष सलाह
कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि तेज गर्मी को देखते हुए फसलों में हल्की और बार-बार सिंचाई करें, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे। सिंचाई सुबह या शाम के समय करने की सलाह दी गई है, जिससे पानी की बर्बादी कम हो सके। मल्चिंग का उपयोग कर मिट्टी की नमी बनाए रखने और दोपहर की तेज गर्मी में उर्वरक तथा कीटनाशकों के छिड़काव से बचने को कहा गया है। किसानों को फसलों में चूसक कीटों की नियमित निगरानी करने और समय पर नियंत्रण उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई है।
पशुपालकों को पशुओं को छायादार और हवादार स्थान पर रखने, दिन में 3-4 बार साफ पानी उपलब्ध कराने तथा आहार में खनिज मिश्रण और नमक शामिल करने की सलाह दी गई है। दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच पशुओं को चराने से बचने को कहा गया है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

