Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

म.प्र., छ.ग., राजस्थान भाजपा की झोली में

मध्य प्रदेश में भाजपा को 163 सीटें मिलीं

06 दिसम्बर 2023, भोपाल: म.प्र., छ.ग., राजस्थान भाजपा की झोली में – पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी से 3 राज्य मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान भाजपा की झोली में आ गए हैं, जबकि तेलंगाना कांग्रेस के खाते में गया है। मिजोरम में मतगणना अभी शेष है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचण्ड बहुमत मिला है। 230 में 163 सीटों पर विजय हासिल की है। वहीं कांग्रेस को 66 तथा  1 सीट भारत आदिवासी पार्टी के खाते में गई है। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने 90 में से 54 सीटें जीती हैं। वहीं कांग्रेस को 35 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने 1 सीट पर कब्जा किया है। राजस्थान में 199 सीटों में से भाजपा ने 115 में बाजी मारी है। जबकि कांग्रेस को 69 सीटें मिली हैं। 15 सीटें निर्दलीय एवं अन्य पार्टियों के खाते में गई हैं। इस चुनाव में मध्य प्रदेश के भाजपा एवं कांग्रेस के कई दिग्गज जीते तथा कई को हार का सामना करना पड़ा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ, श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं श्री प्रह्लाद पटेल को विजयश्री हासिल हुई, वहीं श्री नरोत्तम मिश्रा, श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, श्री गौरीशंकर बिसेन, श्री सज्जन सिंह वर्मा, श्री जीतू पटवारी एवं श्री गोविन्द सिंह को हार का सामना करना पड़ा है। दक्षिण राज्य तेलंगाना में 119 सीटों में से कांग्रेस 64 सीटें जीत कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। वहीं के. चन्द्रशेखर राव की पार्टी भारत राष्ट्र समिति को 39 सीटें मिली हैं, जबकि भाजपा को 8 एवं अन्य पार्टियों ने 8 में जीत दर्ज की है।

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम)

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile