Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

30 जिलों में मूंग और 9 जिलों में होगी उड़द की खरीदी

रजिस्ट्रेशन 18 जुलाई से शुरू होंगे

15 जुलाई 2022, भोपाल । 30 जिलों में मूंग और 9 जिलों में होगी उड़द की खरीदी – मध्यप्रदेश के जिन किसानों ने ग्रीष्मकालीन मूंग उत्पादित किया है और उसे अभी तक नहीं बेचा है, तो उनके लिए खुश खबर है कि अब राज्य सरकार इस मूंग को समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने की है। इसके लिए 18 जुलाई से रजिस्ट्रेशन शुरू हो रहे हैं। इसके साथ ही 30 जिलों में मूंग और 9 जिलों में उड़द की खरीदी की जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों ने मेहनत से ग्रीष्मकालीन मूंग पैदा की है। मूंग के दाम बाजार में समर्थन मूल्य से काफी कम है। इसलिए फैसला किया है कि हम किसानों को न्याय देंगे। किसानों की मूंग न्यूनतम समर्थन मूल्य 7275 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीदी जाएगी। सरकार की इस घोषणा से किसानों में प्रसन्नता है।

सरकार के मुताबिक मूंग खरीदी के 30 जिलों में- नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, रायसेन, हरदा, सीहोर, जबलपुर, देवास, सागर, गुना, खंडवा, खरगोन, कटनी, दमोह, विदिशा, बड़वानी, मुरैना, बैतूल, श्योपुर कलां, भिंड, भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, छतरपुर, उमरिया, धार, राजगढ़, मंडला, शिवपुरी एवं अशोकनगर शामिल है। 

इसी प्रकार उड़द खरीदी के 9 जिलों में- जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, दमोह, छिंदवाड़ा, पन्ना, मंडला, उमरिया एवं सिवनी शामिल है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उल्लेखनीय है कि मूंग उत्पादक किसानों ने ग्रीष्मकालीन मूंग 15  जून तक उत्पादित कर लिया था, लेकिन मध्यप्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए रजिस्ट्रेशन आरम्भ नहीं किए जाने से किसानों को मजबूरी में खुले बाजार में अपनी मूंग बेचना पड़ी, जो औसतन 5200 -5300 रुपए/ क्विंटल में बिकी। इससे उन्हें करीब ढाई हज़ार रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान हुआ। व्यापारी किसानों की मजबूरी का फायदा उठा रहे थे और मूंग के दाम लगातार गिरते जा रहे थे। इसे लेकर किसानों आक्रोश भी था।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

महत्वपूर्ण खबर:  शहडोल, भोपाल, उज्जैन और नर्मदापुरम संभागों में ज़ोरदार बारिश