टीकमगढ़ में अगले 3 दिन मध्यम से भारी बारिश का अनुमान, कृषि विभाग ने किसानों को जल निकासी की दी सलाह
21 अगस्त 2026, टीकमगढ़: टीकमगढ़ में अगले 3 दिन मध्यम से भारी बारिश का अनुमान, कृषि विभाग ने किसानों को जल निकासी की दी सलाह – मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में आगामी तीन दिनों में मध्यम से भारी वर्षा तथा आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को फसलों की विशेष निगरानी करने एवं आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने और हवा की औसत गति 13 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। वर्षा के कारण विशेषकर सब्जियों, दलहनी एवं तिलहनी फसलों में जल भराव की स्थिति बन सकती है। किसान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें।
उड़द एवं सोयाबीन की फसल में पीला पत्ता रोग के प्रकोप की स्थिति में संक्रमित पौधों को उखाड़कर जमीन में दबाने की सलाह दी गई है। उड़द एवं मूंग में पत्ती धब्बा रोग तथा उड़द, मूंग, तिल एवं सोयाबीन में पत्ती भक्षक कीट एवं सफेद मक्खी के प्रकोप की निगरानी करने को कहा गया है।
फलों एवं सब्जियों की समय पर करें तुड़ाई
वर्षा एवं घने बादलों की संभावना को देखते हुए पौधों पर पके अथवा विकसित फलों एवं सब्जियों की समय पर तुड़ाई कर उन्हें बाजार में बेचने की सलाह दी गई है। अरवी एवं अदरक की फसल में कंद गलन रोग की संभावना को देखते हुए किसान फसलों का नियमित निरीक्षण करें।
फलदार पौधों के प्रवर्धन की सलाह
वर्तमान मौसम बीज द्वारा प्रवर्धन के लिए अनुकूल है। किसान पपीता, करौंदा एवं फालसा आदि का प्रवर्धन कर सकते हैं। बेर की कटाई-छंटाई के बाद निकलने वाली नई शाखाओं में छल्ला विधि से कलम बांधने की भी सलाह दी गई है।
पशुपालन एवं कुक्कुट पालन में भी बरतें सावधानी
किसान गाय एवं भैंस के छोटे बछड़ों को पेट के कीड़ों की दवा पिलाएं तथा उन्हें सूखे स्थान पर बांधकर रखें। घने बादलों के कारण धूप की अवधि कम होने की संभावना को देखते हुए मुर्गी घरों में रात के समय 4 से 5 घंटे रोशनी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। वातावरण में नमी बढ़ने से रोकने के लिए मुर्गी घरों के फर्श पर चूने एवं लकड़ी के बुरादे का भुरकाव करें। कृषि विभाग ने किसानों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए फसलों की नियमित निगरानी करने तथा जल भराव, रोग एवं कीट प्रकोप की स्थिति में आवश्यक प्रबंधन उपाय अपनाने की अपील की है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

