सुठालिया सिंचाई परियोजना का राज्यमंत्री पंवार ने लिया जायजा, बोले- ₹1,375 करोड़ की योजना से 49,800 हेक्टेयर खेती को मिलेगा पानी
06 जुलाई 2026, भोपाल: सुठालिया सिंचाई परियोजना का राज्यमंत्री पंवार ने लिया जायजा, बोले- ₹1,375 करोड़ की योजना से 49,800 हेक्टेयर खेती को मिलेगा पानी – मध्यप्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने राजगढ़ जिले में निर्माणाधीन सुठालिया वृहद सिंचाई परियोजना का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य बांध सहित परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों, उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
पार्वती नदी पर बन रही है परियोजना
राजगढ़ जिले की सुठालिया तहसील के बैराड गांव के पास पार्वती नदी पर यह वृहद सिंचाई परियोजना बनाई जा रही है। वर्ष 2018 में इस परियोजना को ₹1,375.24 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। इसके तहत लगभग 25.50 मीटर ऊंचा, करीब 4 किलोमीटर लंबा और 20 रेडियल गेट वाला कंपोजिट बांध बनाया जा रहा है।
परियोजना की सकल जल भंडारण क्षमता 201.35 मिलियन घनमीटर (एमसीएम) और लाइव स्टोरेज क्षमता 183.70 एमसीएम होगी। इसके साथ दो आधुनिक पंप हाउसों का निर्माण कर प्रेशराइज्ड पाइपलाइन आधारित सिंचाई व्यवस्था विकसित की जा रही है।
49,800 हेक्टेयर भूमि को मिलेगा सिंचाई लाभ
परियोजना पूरी होने के बाद लगभग 49,800 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे 174 गांवों के किसानों को सीधा लाभ होगा। इनमें सुठालिया तहसील के 73, ब्यावरा तहसील के 71 और नरसिंहगढ़ तहसील के 30 गांव शामिल हैं।
ग्राम मऊ स्थित पंप हाउस से 21,077 हेक्टेयर तथा कानरखेड़ी स्थित पंप हाउस से 28,723 हेक्टेयर क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य बांध का 80 प्रतिशत निर्माण पूरा
अधिकारियों ने बताया कि मुख्य बांध का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों में राजगढ़ के 34, गुना के 8, भोपाल के 18 और सीहोर के 3 गांवों में लगभग 90 प्रतिशत भू-अर्जन कार्य पूरा कर लिया गया है।
परियोजना से प्रभावित करीब 1,675 परिवारों के पुनर्वास के लिए ग्राम मऊ और बड़ाबड़ला में सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त पुनर्वास कॉलोनियां भी तैयार कर दी गई हैं। परियोजना के शेष निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों की समृद्धि में मिलेगी मदद
राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार और किसानों की समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुठालिया वृहद सिंचाई परियोजना केवल एक बांध नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद हजारों किसानों को पूरे वर्ष सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा, भू-जल स्तर में सुधार होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता परियोजना को उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

