मंडला : समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को नहीं देना होगा ब्याज
12 सितंबर 2026, मंडला: मंडला : समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को नहीं देना होगा ब्याज – कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, मंडला की प्रशासक समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहकारिता विभाग से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए किसानों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रशासक समिति, जिला सहकारी बैंक समिति, अमानतों की स्थिति, कवच योजना सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सहकारी संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में शासन की शून्य प्रतिशत ब्याज दर योजना के अंतर्गत कृषकों को अल्पकालीन फसल ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। योजना के तहत कृषकों को ऋण वितरण की तिथि से 12 माह की अवधि में ऋण चुकाने की सुविधा रहेगी। साथ ही कृषक अब खरीफ एवं रबी दोनों सीजन का फसल ऋण एक साथ प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित अवधि में ऋण का पुनर्भुगतान करने पर कृषक शासन की 0 प्रतिशत ब्याज दर योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देश दिए कि पात्र किसानों को फसल ऋण समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा शून्य प्रतिशत ब्याज योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक एवं सहकारी संस्थाओं के माध्यम से योजना की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र कृषक समय पर ऋण प्राप्त कर कृषि कार्यों के लिए आवश्यक खाद, बीज एवं अन्य आदानों की व्यवस्था कर सकें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

