मध्यप्रदेश: बड़वानी में मिर्च और कपास की उन्नत खेती पर कार्यशाला, 150 से अधिक किसानों ने लिया प्रशिक्षण
29 अप्रैल 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: बड़वानी में मिर्च और कपास की उन्नत खेती पर कार्यशाला, 150 से अधिक किसानों ने लिया प्रशिक्षण – मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में कृषि, किसान कल्याण एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा मिर्च एवं कपास की उन्नत उत्पादन तकनीक पर आधारित एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनजातीय कार्य विभाग के सभागार में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यशाला में जिले के 150 से अधिक उन्नत एवं प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने मिर्च और कपास की खेती से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। कपास अनुसंधान केंद्र खंडवा के डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, कृषि महाविद्यालय खंडवा के उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. नितिन सोनी तथा सायमा कॉटन विकास एवं अनुसंधान एसोसिएशन, कोयंबटूर के कंसल्टेंट श्री दिनेश गुप्ता ने किसानों को उन्नत बीज चयन, कीट प्रबंधन, ग्रेडिंग और बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने की तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही लंबी रेशेदार (लॉन्ग) और एक्स्ट्रा लॉन्ग कॉटन फाइबर की उन्नत किस्मों के व्यावसायिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया।
किसानों को मिला आधुनिक खेती का मार्गदर्शन
विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने पर उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में सुधार होता है। हाइब्रिड बीजों के चयन और फसल प्रबंधन की सही तकनीक अपनाकर किसान बेहतर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें। उन्होंने जिले में लॉन्ग और एक्स्ट्रा लॉन्ग कॉटन फाइबर की खेती को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
आधुनिक कृषि यंत्रों पर जोर
कलेक्टर ने खेती की लागत कम करने और कार्य क्षमता बढ़ाने के लिए न्यूमैटिक प्लांटर और क्रॉप हार्वेस्टर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ा सकते हैं और वैश्विक बाजार में बेहतर दाम प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल, उप संचालक कृषि विभाग सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

