मध्यप्रदेश बीज संघ बनेगा देश का अग्रणी संस्थान: पैक्स-एफपीओ के जरिए किसानों तक पहुंचेंगे गुणवत्तापूर्ण बीज
30 सितंबर 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश बीज संघ बनेगा देश का अग्रणी संस्थान: पैक्स-एफपीओ के जरिए किसानों तक पहुंचेंगे गुणवत्तापूर्ण बीज – मध्यप्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रदेश बीज संघ की आम सभा की बैठक में संस्था की वर्तमान गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने मध्यप्रदेश बीज संघ को अमूल, इफको और कृभको की तर्ज पर सशक्त एवं अग्रणी सहकारी संस्था के रूप में विकसित करने के प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने कहा कि अगले 2 से 5 वर्षों में मध्यप्रदेश बीज संघ को देश के प्रमुख बीज संस्थानों में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए बीज उत्पादन, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और विपणन व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज, बेहतर फसल, उन्नत खेती और किसान की समृद्धि की पूरी श्रृंखला को सहकारिता के माध्यम से मजबूत किया जाएगा। किसानों को उच्च गुणवत्ता के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के साथ बीज उत्पादन में आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
तकनीकी नवाचार और नई फसलों पर फोकस
मंत्री सारंग ने बताया कि मध्यप्रदेश बीज संघ की ओर से हॉर्टीकल्चर और धान के साथ-साथ तिल, अलसी, कपास, मूंगफली और मक्का जैसी महत्वपूर्ण फसलों के बीजों पर भी काम किया जा रहा है। छोटे आकार के बीजों में उन्नत कोटिंग एवं लोडिंग तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। इस संबंध में वैज्ञानिकों के साथ आवश्यक बैठकें और चर्चा की जा चुकी हैं।
पैक्स-एफपीओ के जरिए किसानों तक पहुंचेंगे बीज
मंत्री सारंग ने निर्देश दिए कि बीजों की बिक्री और वितरण व्यवस्था को प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से और मजबूत किया जाए। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों की स्थानीय और पारंपरिक फसलों को भी बीज उत्पादन एवं विपणन की कार्ययोजना में प्राथमिकता दी जाए। आम सभा की बैठक में अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता, बीज संघ के प्रबंध संचालक महेंद्र दीक्षित सहित प्रदेश की विभिन्न सहकारी समितियों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

