राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश: प्राकृतिक खेती से बढ़ा उत्पादन, किसान केसरी सिंह को मिला 19 क्विंटल प्रति एकड़ गेहूं उत्पादन

17 अप्रैल 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: प्राकृतिक खेती से बढ़ा उत्पादन, किसान केसरी सिंह को मिला 19 क्विंटल प्रति एकड़ गेहूं उत्पादन – रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित हो रही है, लेकिन ऐसे समय में मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम भुवारा के प्रगतिशील किसान केसरी सिंह ठाकुर ने प्राकृतिक खेती अपनाकर अन्य किसानों के लिए नई मिसाल पेश की है। उन्होंने इस रबी सीजन में 10 एकड़ भूमि पर जैविक विधि से गेहूं की एचडी-2851 किस्म की बुवाई की, जिससे उन्हें 19 क्विंटल प्रति एकड़ का अच्छा उत्पादन प्राप्त हुआ।

केसरी सिंह ठाकुर पिछले लगभग 10 वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और रसायनों के स्थान पर स्वयं तैयार किए गए जैविक उत्पादों का उपयोग करते हैं। इससे उनकी खेती की लागत में कमी आई है और उत्पादन के साथ-साथ आमदनी में भी सुधार हुआ है। उन्होंने अपनी कृषि भूमि के जैविक प्रमाणीकरण के लिए पंजीयन आवेदन भी किया है।

खेत का हुआ निरीक्षण और प्रमाणीकरण की प्रक्रिया शुरू

जिला जैविक प्रमाणीकरण अधिकारी एवं अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ. इंदिरा त्रिपाठी ने उप संचालक कृषि डॉ. एस. के. निगम सहित अन्य अधिकारियों के साथ किसान के खेत का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने किसान द्वारा अपनाई गई प्राकृतिक खेती की सराहना की और उनके जैविक प्रमाणीकरण पंजीयन के लिए आवेदन मध्यप्रदेश राज्य जैविक प्रमाणीकरण संस्थान, भोपाल को भेजने का निर्णय लिया।

कम लागत में बेहतर उत्पादन का उदाहरण

कृषि अधिकारियों के अनुसार किसान केसरी सिंह द्वारा घनजीवामृत जैसे जैविक उत्पादों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लागत में कमी आई है और फसल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। यह मॉडल छोटे और सीमांत किसानों के लिए भी लाभकारी साबित हो सकता है।

किसानों को मिला मार्गदर्शन

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आसपास के किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने और मल्टी लेयर फार्मिंग शुरू करने की सलाह दी। साथ ही किसान को अपने उत्पाद को उचित बाजार उपलब्ध कराने के लिए जैविक हाट बाजार में भाग लेने का सुझाव भी दिया गया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements