मध्यप्रदेश: झाबुआ में ग्रीष्मकालीन मूंगफली फसल का निरीक्षण, फसल स्वस्थ और रोगमुक्त मिली
13 जून 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: झाबुआ में ग्रीष्मकालीन मूंगफली फसल का निरीक्षण, फसल स्वस्थ और रोगमुक्त मिली – खरीफ मौसम 2026 की तैयारियों तथा ग्रीष्मकालीन मूंगफली फसल की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, जिला झाबुआ एन.एस. रावत द्वारा विकासखंड रामा एवं पेटलावद के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान उन्होंने कृषकों से संवाद कर फसलों की स्थिति एवं कृषि गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान विकासखंड रामा के ग्राम नारंदा में कृषक सूरसिंह गणावा तथा विकासखंड पेटलावद के ग्राम टेमरिया में कृषक रमेश एवं श्रीमती हेमा मेड़ा तथा ग्राम घुघरी (छायन पूर्व) में कृषक दिलीप एवं दशरथ सिंह राठौर के खेतों में लगी ग्रीष्मकालीन मूंगफली फसल का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान मूंगफली की फसल संतोषजनक स्थिति में पाई गई तथा फसल में किसी प्रकार के कीट, व्याधि अथवा रोग का प्रकोप नहीं देखा गया।
भ्रमण के दौरान उपस्थित कृषकों एवं मैदानी अमले को खरीफ मौसम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। कृषकों को ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन के माध्यम से ही उर्वरक प्राप्त करने की सलाह दी गई, जिससे उर्वरक वितरण व्यवस्था सुचारू एवं पारदर्शी बनी रहे।
उप संचालक रावत ने किसानों को खरीफ फसलों की बोनी से पूर्व खेतों की उचित तैयारी करने, प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीज अधिकृत बीज विक्रेताओं से निर्धारित दर पर क्रय करने तथा बीज खरीदते समय पक्का बिल अवश्य प्राप्त करने की समझाइश दी। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग द्वारा जारी तकनीकी सलाह का पालन करते हुए वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का आग्रह किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

