मध्य प्रदेश: गुना कलेक्टर ने किया पॉलीहाउस का निरीक्षण, आधुनिक गुलाब खेती और तकनीक की सराहना
14 मई 2026, गुना: मध्य प्रदेश: गुना कलेक्टर ने किया पॉलीहाउस का निरीक्षण, आधुनिक गुलाब खेती और तकनीक की सराहना – मध्य प्रदेश के गुना जिले में उद्यानिकी की आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुना कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने उमरी रोड स्थित ग्राम भावपुर में कृषक भानु सिसौदिया के पॉलीहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पॉलीहाउस में उन्नत तकनीक से की जा रही गुलाब की खेती, सिंचाई व्यवस्था, तापमान नियंत्रण प्रणाली तथा फूलों की गुणवत्ता का अवलोकन किया।
कलेक्टर कन्याल ने पॉलीहाउस में तैयार किए जा रहे विभिन्न किस्मों के गुलाब के फूलों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन एवं बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कृषक से पॉलीहाउस निर्माण, उत्पादन क्षमता, बाजार व्यवस्था एवं शासन की योजनाओं से प्राप्त सहायता संबंधी जानकारी ली। साथ ही ड्रिप सिंचाई एवं नियंत्रित वातावरण में की जा रही खेती को जल संरक्षण और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन की दिशा में प्रभावी पहल बताया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पॉलीहाउस में पौधों की देखरेख, कीट प्रबंधन, वेंटिलेशन व्यवस्था एवं पैकिंग प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य किसानों को भी उद्यानिकी आधारित खेती एवं पॉलीहाउस तकनीक के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, उपसंचालक उद्यानिकी जीपीएस किरार, एसडीएम श्रीमति शिवानी पांडे सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

