मध्यप्रदेश: आत्मा योजना में कृषक पुरस्कार आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 30 जून तक कर सकेंगे आवेदन
21 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: आत्मा योजना में कृषक पुरस्कार आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 30 जून तक कर सकेंगे आवेदन – सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना वर्ष 2025-26 अंतर्गत कृषक पुरस्कार हेतु आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 जून 2026 कर दी गई है। मध्यप्रदेश कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं अन्य कृषि संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों से विभिन्न स्तरों के पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय सर्वोत्कृष्ट कृषक पुरस्कार के लिए जिले से 10 कृषकों का चयन किया जाएगा, जिन्हें 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं विकासखंड स्तरीय सर्वोत्कृष्ट कृषक पुरस्कार के तहत प्रत्येक विकासखंड से 5 कृषकों का चयन कर 10 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा राज्य स्तरीय सर्वोत्कृष्ट कृषक पुरस्कार के लिए चयनित कृषकों को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदन पत्र संबंधित विकासखंड कार्यालय के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा जिला कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र आवश्यक प्रमाणित दस्तावेजों सहित विकासखंड कार्यालय के माध्यम से जिला कार्यालय में जमा करना होगा। चयन के लिए न्यूनतम 50 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। आवेदकों को विगत पांच वर्षों की उत्पादकता का विवरण प्रस्तुत करना होगा। मिट्टी परीक्षण एवं स्वाइल हेल्थ कार्ड के आधार पर भी अंक प्रदान किए जाएंगे। साथ ही एमपी किसान पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य रखा गया है।
पूर्व में पुरस्कृत कृषकों की प्रविष्टि आगामी तीन वर्षों तक मान्य नहीं होगी। यह पुरस्कार उन कृषकों को प्रदान किया जाएगा जो उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, भूमि एवं जल संरक्षण तथा कृषि नवाचारों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर अन्य किसानों को प्रेरित कर रहे हैं। कृषि विभाग ने सभी पात्र एवं इच्छुक कृषकों से निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

