राज्य कृषि समाचार (State News)

दशहरी, लंगड़ा और चौसा की महक से महकेगा लखनऊ, 3 जुलाई से शुरू होगा उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026

25 जून 2026, भोपाल: दशहरी, लंगड़ा और चौसा की महक से महकेगा लखनऊ, 3 जुलाई से शुरू होगा उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 – उत्तर प्रदेश की समृद्ध आम परंपरा, बागवानी क्षेत्र की उपलब्धियों और किसानों की मेहनत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आयोजन 3 से 5 जुलाई तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में प्रदेश के साथ-साथ देशभर के प्रगतिशील बागवान, कृषि विशेषज्ञ, निर्यातक और कृषि उद्यमी भाग लेंगे।

आगामी आयोजन को लेकर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें महोत्सव के उद्घाटन के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों तथा किसानों और बागवानों की भागीदारी से संबंधित जानकारी भी दी।

देश के अग्रणी आम उत्पादक राज्य के रूप में यूपी की पहचान

उत्तर प्रदेश लंबे समय से देश में आम उत्पादन का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रदेश में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अम्रपाली, मल्लिका सहित कई उत्कृष्ट और लोकप्रिय आम प्रजातियों का उत्पादन किया जाता है, जिनकी मांग देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी है।

उद्यान मंत्री ने बताया कि देश में लगभग 25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 235 लाख टन आम का उत्पादन होता है। इनमें उत्तर प्रदेश लगभग 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 62 लाख टन आम का उत्पादन कर देश में प्रथम स्थान पर है। यही कारण है कि प्रदेश का आम उत्पादन और उसकी विविधता देश की कृषि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

किसानों और उद्यमियों को मिलेगा बड़ा मंच

आम महोत्सव का उद्देश्य केवल आम की विभिन्न किस्मों का प्रदर्शन करना ही नहीं, बल्कि किसानों, बागवानों, निर्यातकों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना भी है। इस आयोजन के माध्यम से आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात से जुड़े नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

महोत्सव में कृषि एवं बागवानी क्षेत्र के विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक तकनीकों, नई किस्मों और बाजार की संभावनाओं की जानकारी देंगे। इससे किसानों को अपने उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाने और बेहतर बाजार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

प्रतियोगिताओं का भी होगा आयोजन

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान आम की विभिन्न प्रजातियों, आम आधारित संरक्षित उत्पादों, आम से बने व्यंजनों, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और सर्वाधिक प्रदर्शनकर्ता बागवान जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य किसानों और बागवानों को प्रोत्साहित करना तथा उनकी उपलब्धियों को पहचान दिलाना है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

आधुनिक तकनीकों की मिलेगी जानकारी

महोत्सव में किसानों को आम उत्पादन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, तुड़ाई उपरांत प्रबंधन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, विपणन और निर्यात की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ किसानों को यह भी बताएंगे कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है तथा फलों की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।

इसके अलावा किसानों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग के अनुरूप उत्पादन करने तथा निर्यात के नए अवसरों का लाभ उठाने के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

आम उद्योग को मिलेगी नई दिशा

राज्य सरकार का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन आम उत्पादकों, कृषि उद्यमियों और निर्यातकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मददगार साबित होंगे। इससे प्रदेश के आम उद्योग को नई दिशा मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 न केवल प्रदेश की कृषि और बागवानी क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि आम उत्पादन से जुड़े किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसरों के द्वार भी खोलेगा। यही कारण है कि यह आयोजन प्रदेश के बागवानी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture