राज्य कृषि समाचार (State News)

मानसून की संभावना को देख खरीफ बोनी की तैयारियां प्रारंभ

29 मई 2025, इंदौर: मानसून की संभावना को देख खरीफ बोनी की तैयारियां प्रारंभ – इंदौर जिले में मानसून आने की संभावना को देखते हुए खरीफ बोनी की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि वैज्ञानिक सलाह देने के लिए गाँव-गाँव विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जायेगा। यह अभियान राज्य शासन के निर्देश पर प्रारंभ किया जा रहा है। खरीफ पूर्व गतिविधियों के अंतर्गत “विकसित कृषि संकल्प अभियान” 29 मई 2025 से प्रारंभ होगा। यह अभियान 12 जून 2025 तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य कृषकों को खरीफ मौसम की क्षेत्रीय फसलों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड (SHC) के प्रभावी उपयोग, विभिन्न सरकारी योजनाओं व कृषि नवाचारों की जानकारी देना है। साथ ही, कृषकों से फीडबैक लेकर अनुसंधान की दिशा को और अधिक उपयोगी बनाना भी इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण अंग है।

उप संचालक कृषि श्री सी.एल. केवड़ा ने बताया कि अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) तथा संबंधित कृषि महाविद्यालयों के वैज्ञानिक एवं विभागीय अधिकारी गाँवों में जाकर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। अभियान में कृषि, कृषि अभियांत्रिकी, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के मैदानी अधिकारियों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की गई है। नवाचारी एवं प्रगतिशील कृषकों को अभियान में सम्मिलित कर उनके अनुभवों एवं नवाचारों को साझा किया जाएगा। क्षेत्र विशेष की खरीफ फसलों के लिए उन्नत तकनीकों एवं नई किस्मों की जानकारी किसानों को दी जाएगी। इसमें प्रमुख रूप से सोयाबीन फसल में मशीन उपयोग (BBF प्रणाली आदि) के बारे में बताया जायेगा। कृषि-ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन ICAR, KVK व इफको संस्थानों की सहायता से किया जाएगा। प्राकृतिक खेती एवं फसल विविधीकरण को बढ़ावा दिया जायेगा। अभियान में सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं SHC के माध्यम से संतुलित खाद प्रयोग पर विशेष फोकस रहेगा। अभियान के पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आईसीटी एवं ऑडियो-विजुअल माध्यमों द्वारा कृषकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। संबंधित जिले के कृषि विज्ञान केंद्र एवं विभागीय अधिकारी ग्राम वार कार्यक्रम का निर्धारण कर उसका संचालन करेंगे। जिले की खरीफ पूर्व तैयारियों को अभियान से जोड़ा जाएगा, जिससे व्यापक प्रभाव सुनिश्चित किया जा सके।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.en.krishakjagat.org

Advertisements