Ad DesktopAd TabletAd Mobile
फसल की खेती (Crop Cultivation)राज्य कृषि समाचार (State News)

टमाटर, मिर्च और पपीते में फैल रहा पत्ती मरोड़ रोग, किसानों को दी गई छिड़काव की सलाह

23 नवंबर 2026, मुरैना: टमाटर, मिर्च और पपीते में फैल रहा पत्ती मरोड़ रोग, किसानों को दी गई छिड़काव की सलाह – मुरैना, भिंड, ग्वालियर, श्योपुर, गुना, अशोकनगर और शिवपुरी जिलों में टमाटर, मिर्च और पपीते की फसल पर पत्ती मरोड़ रोग, जिसे किसान आमतौर पर ‘छुर्रा-मुर्रा’ रोग के नाम से जानते हैं, फैलने की आशंका जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की कृषि मौसम परामर्श इकाई मुरैना द्वारा 20 नवंबर को जारी ताजा बुलेटिन संख्या 93/2026 में किसानों से कहा गया है कि फल बनने की अवस्था में इन फसलों पर लगातार नजर रखी जाए, क्योंकि मौजूदा मौसम इस रोग के फैलने के लिए अनुकूल बना हुआ है।

पत्ती मरोड़ रोग एक विषाणुजनित (वायरल) बीमारी है, जो मुख्य रूप से सफेद मक्खी के जरिए एक पौधे से दूसरे पौधे में फैलती है। इस रोग के लगने पर पौधे की पत्तियां मुड़कर सिकुड़ने लगती हैं और पौधे का विकास रुक जाता है, जिससे फूल व फल बनने की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित होती है। समय पर नियंत्रण न होने पर पूरी फसल बर्बाद होने का खतरा रहता है।

थायमेथोक्साम का छिड़काव बताया गया कारगर उपाय

बुलेटिन के अनुसार टमाटर और मिर्च में फल बनने की अवस्था में पत्ती मरोड़ रोग को रोकने के लिए थायमेथोक्साम 25 डब्ल्यूजी के 100 ग्राम दवा को 500 से 600 लीटर पानी में प्रति हेक्टेयर घोलकर छिड़काव करने की सलाह दी गई है। यही सलाह पपीते की फसल के लिए भी लागू है, जहां पत्ती मरोड़ रोग दिखाई देने पर इसी मात्रा में थायमेथोक्साम का छिड़काव करने को कहा गया है। किसानों को यह भी सलाह दी गई है कि टमाटर और बैंगन में तना एवं फल छेदक कीट दिखने पर 500 से 600 लीटर पानी में एक लीटर नुवाक्रॉन घोलकर छिड़काव करें।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

क्षेत्र में इसी दौरान देर से बोई गई अरहर की फसल फूल और फली बनने की अवस्था में है, जहां फली छेदक कीट का खतरा बना हुआ है। इसके नियंत्रण के लिए प्रति हेक्टेयर 500 से 600 लीटर पानी में 750 मिलीलीटर ट्राइजोफॉस घोलकर छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा सरसों की फसल में चित्तीदार कीट पर भी लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर 400 से 500 लीटर पानी में 800 मिलीलीटर क्लोरपायरीफॉस या डाइमेथोएट घोलकर छिड़काव करने की सलाह दी गई है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

किसानों के लिए सावधानी जरूरी

कृषि विशेषज्ञों ने साफ किया है कि किसी भी रसायन का छिड़काव करते समय अनुशंसित मात्रा का ही पालन किया जाए, क्योंकि अधिक मात्रा में छिड़काव से फसल और मिट्टी दोनों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही वायरस-प्रभावित पौधों को तुरंत उखाड़कर नष्ट करने की सलाह भी दी गई है, ताकि रोग आसपास के स्वस्थ पौधों तक न फैले। विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर पहचान और सही दवा का उपयोग कर किसान इस रोग से होने वाले नुकसान को काफी हद तक सीमित कर सकते हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture