किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व: मध्यप्रदेश के 165 किसान विजेताओं का चयन, मिलेंगे 55 ट्रैक्टर
29 अक्टूबर 2026, भोपाल: किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व: मध्यप्रदेश के 165 किसान विजेताओं का चयन, मिलेंगे 55 ट्रैक्टर – मध्यप्रदेश में किसानों को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करने और उनके कल्याण की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व’ राज्य स्तरीय इनामी क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेताओं का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया है। 27 अक्टूबर 2026 को चयन समिति ने प्रदेश के सभी 55 जिलों से विजेता किसानों का चयन किया। सभी विजेताओं को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल जिले के प्रथम पुरस्कार विजेता संदीप वर्मा को ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार विजेता सुहानी राजपूत को बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार विजेता समीर गौड़ को ई-स्कूटर प्रदान करेंगे। अन्य जिलों में प्रभारी मंत्रियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई-स्कूटर दिए जाएंगे। उनके अनुसार, पुरस्कारों की दृष्टि से यह देश में अपने प्रकार की पहली और सबसे बड़ी पहल है।
40 हजार से अधिक किसानों ने लिया हिस्सा
श्रीराम तिवारी ने बताया कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज का आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन किया गया था। इसमें किसानों के कल्याण, कृषि विकास और शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित 24 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों को प्रश्न हल करने के लिए 24 मिनट का समय दिया गया। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित था, जबकि गलत या अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई नकारात्मक अंकन नहीं था।
प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने भाग लिया। इनमें से 15,298 प्रतिभागियों ने 24 में से 24 अंक प्राप्त किए और उन्हें अंतिम मेरिट सूची में शामिल किया गया। इस सूची में 13,091 पुरुष, 2,201 महिलाएं और छह अन्य प्रतिभागी शामिल हैं। आयु वर्ग के अनुसार, 108 प्रतिभागी 18 वर्ष तक, 9,408 प्रतिभागी 19 से 40 वर्ष और 5,782 प्रतिभागी 40 वर्ष से अधिक आयु के हैं।
55 जिलों से चुने गए विजेता किसान
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 55 जिलों से विजेताओं का चयन किया गया। प्रत्येक जिले से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए तीन-तीन विजेता चुने गए हैं। भोपाल जिले में संदीप वर्मा प्रथम, सुहानी राजपूत द्वितीय और समीर गौड़ तृतीय स्थान पर रहे।
अन्य जिलों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले किसानों में श्योपुर से विपिन रावत, मुरैना से रामजी लाल धाकड़, भिंड से जगमोहन बघेल, ग्वालियर से कृष्णा रावत, शिवपुरी से उमेश कुमार लोधी, गुना से अंगूरी अग्रवाल, अशोकनगर से उपेन्द्र यादव, दतिया से जितेन्द्र अहिरवार, देवास से मनोहर पंवार, रतलाम से जितेंद्र गुर्जर, शाजापुर से तेजकुँवर बाई परमार, आगर मालवा से पवन कुमार, मंदसौर से खुमान सिंह, नीमच से जुगल गरासिया, उज्जैन से रोहित अंजना, इंदौर से जितेन्द्र मौर्य, धार से किशोर यादव, अलीराजपुर से कलम सिंह डुडवे, झाबुआ से नरेन्द्र पोरवाल, खरगोन से श्याम पाटीदार, बड़वानी से राकेश सस्ते, खंडवा से विनोद पंवार, बुरहानपुर से पवन गढ़वे, सीहोर से हर्ष यादव, रायसेन से सतमेश बघेल, राजगढ़ से नवीन मीणा, विदिशा से प्रसेन सिंह, बैतूल से कमरजा काले, नर्मदापुरम से वीरेन्द्र लोवंशी, हरदा से कपिल जाट, सागर से जयहिंद राजपूत, दमोह से संध्या जैन, पन्ना से श्री कृष्ण पटेल, छतरपुर से जसवंत सिंह, टीकमगढ़ से अखलेश यादव, निवाड़ी से राजेन्द्र कुमार कुशवाहा, जबलपुर से अनिल पटेल, कटनी से राजाराम पटेल, नरसिंहपुर से अरविंद कुमार मेहरा, छिंदवाड़ा से चंद्रा चंद्रवंशी, पांढुर्ना से लक्ष्मीकांत किंकर, सिवनी से विकास पंचेश्वर, मंडला से शालू बड़गैयां, डिंडौरी से विकास ठाकुर, बालाघाट से दिवला पटले, रीवा से संतोष द्विवेदी, सिंगरौली से आशीष सिंह, मऊगंज से दिनेश कुशवाहा, शहडोल से ब्रजराज सिंह जोधावत, अनूपपुर से चंदन सिंह, उमरिया से राम प्रमोद गुप्ता, सीधी से प्रांशु गुप्ता, सतना से विद्या सोनी और मैहर से कृष्णा तिवारी शामिल हैं।
अन्य जिलों के द्वितीय और तृतीय स्थान के विजेताओं का भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयन किया गया है। विजेताओं की सूची वीर भारत न्यास की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
किसानों को योजनाओं के प्रति जागरूक करना उद्देश्य
श्रीराम तिवारी ने बताया कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ कृषि विकास और किसान सम्मान को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ऑनलाइन क्विज में पूर्ण अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की जिलेवार मेरिट सूची तैयार की गई और इसके बाद लॉटरी के माध्यम से विजेताओं का चयन किया गया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


