कटनी: अल नीनो की आशंका के बीच किसानों से फसल बीमा कराने की अपील
10 अगस्त 2026, कटनी: कटनी: अल नीनो की आशंका के बीच किसानों से फसल बीमा कराने की अपील – इस वर्ष अल नीनो प्रभाव के कारण जिले में असमान अथवा सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ऐसी स्थिति में फसलों को संभावित नुकसान से बचाने हेतु कृषि विभाग द्वारा किसानों से फसल बीमा कराने की अपील की गई है।
उप संचालक कृषि श्री खेलावन डेहेरिया ने सभी किसान साथियों से आग्रह किया है कि वे समय रहते अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
किसानों को मिला व्यापक लाभ – उप संचालक श्री डेहेरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि फसल बीमा योजना के अंतर्गत पूर्व वर्षों में जिले के किसानों को बड़े स्तर पर राहत प्रदान की गई है। खरीफ 2024 में जिले के 269 पटवारी हल्कों में हुए फसल नुकसान के आधार पर 6,587 किसानों को कुल 3 करोड़ 82 लाख 36 हजार 79 रुपये की बीमा दावा राशि का भुगतान किया गया। इसी प्रकार खरीफ 2025 में 202 पटवारी हल्कों में हुए नुकसान के आधार पर 6,584 किसानों को कुल 2 करोड़ 10 लाख 86 हजार 942 रुपये की बीमा दावा राशि वितरित की गई, जिससे कठिन समय में किसानों को महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त हुई।
किसानों के लिए सुरक्षा कवच है फसल बीमा – अनिश्चित मौसम एवं प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसलों को नुकसान की संभावना बनी रहती है। ऐसे में फसल बीमा योजना किसानों के लिए एक प्रभावी सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करती है। समय पर बीमा कराने से किसानों को नुकसान की भरपाई में सहायता मिलती है तथा उनकी आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव कम होता है।
17 अगस्त तक कराएं बीमा– कृषि विभाग ने पुनः सभी किसानों से अपील की है कि वे अलनीनो के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए 17 अगस्त तक अपनी अधिसूचित खरीफ फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा अवश्य कराएं। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहायता के लिए किसान कृषि स्तंभ पोर्टल हेल्पलाइन 14447 एवं 7065514447 पर संपर्क कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

