Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

कटनी कलेक्टर ने पराली प्रबंधन का लिया जायजा

19 नवंबर 2026, कटनी: कटनी कलेक्टर ने पराली प्रबंधन का लिया जायजा – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी मंगलवार को ऊबड़-खाबड़ रास्तों से पैदल चलकर ग्राम भरौली और इमलिया के खेतों में पहुंचे और आधुनिक कृषि मशीनों के माध्यम से किए जा रहे पराली प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्‍होंने खेतों में हार्वेस्टर के स्‍ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम तथा बेलर मशीन के उपयोग से कृषि अवशेषों को एकत्रित करने की प्रक्रिया देखी। साथ ही ग्राम भरौली के किसान दूधिया प्रसाद और ग्राम इमलिया के वीरेंद्र सिंह के खेत में ही खड़े-खड़े चर्चा कर मशीनों के उपयोग, उनकी उपयोगिता और नरवाई प्रबंधन को लेकर उनके अनुभव भी जाने।

पराली से 2500 से 3000 रुपये प्रति टन तक हो सकती है आमदनी –   बेलर मशीन के माध्यम से धान की पराली सहित अन्य कृषि अवशेषों को एकत्रित कर बेल तैयार की जाती है। इन बेलों की बायोमास पेलेट प्लांट में 2500 से 3000 रुपये प्रति टन तक बिक्री होती है। कृषि यांत्रिकी विभाग कटनी से प्राप्त इस मशीन की कीमत लगभग 4 लाख रुपये है, जिसमें करीब 2 लाख रुपये का अनुदान मिलता है। मशीन की प्रतिदिन 8 से 10 टन कृषि अवशेष एकत्रित करने की क्षमता है। अब तक जिले में लगभग 300 एकड़ क्षेत्र से पराली एकत्रित की जा चुकी है।

कृषि अवशेषों से तैयार हो रहे बायोमास पैलेट  –   कलेक्टर ने ग्राम इमलिया स्थित एस.के. एग्रो एंड ग्रीन एनर्जी के बायो फ्यूल प्लांट का भी जायजा लिया। वीरेंद्र सिंह द्वारा संचालित इस इकाई में किसानों से धान, गेहूं, मक्का, सरसों, चना एवं कपास सहित विभिन्न फसलों के कृषि अवशेष 2500 से 3000 रुपये प्रति  टन की दर से खरीदे जाते हैं। इनसे बायोमास पैलेट तैयार कर 7000 से 8000 रुपये प्रति टन की दर से एनटीपीसी पावर प्लांट सिंगरौली भेजे जाते हैं। उद्योग की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन लगभग 15 से 20 टन है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें