कटनी: कृषि उद्यमी प्रशिक्षण की परीक्षा संपन्न
19 जून 2026, कटनी: कटनी: कृषि उद्यमी प्रशिक्षण की परीक्षा संपन्न – मध्य प्रदेश शासन के ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कृषि उद्यमी प्रशिक्षण की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जनपद पंचायत रीठी अंतर्गत ग्राम पंचायत परौहा पिपरिया की 35 बीपीएल वर्ग की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को 13 दिवसीय कृषि उद्यमी प्रशिक्षण प्रदान किया गया था।
यह प्रशिक्षण स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा प्रबंधक पवन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण समन्वयक सुनील रजक के सहयोग से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद परीक्षा का आयोजन ओम प्रकाश चतुर्वेदी (परीक्षा नियंत्रक एवं प्रमाणीकरण, रूडसेटी, ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार, भोपाल) के निर्देशन में किया गया।
परीक्षा में कृषि विषय से संबंधित मूल्यांकन परीक्षक रामसुख दुबे (कटनी) द्वारा तथा बैंकिंग एवं स्वरोजगार से जुड़े विषयों का मूल्यांकन प्रदीप नामदेव (दमोह) द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को जलवायु, भूमि के प्रकार, मिट्टी परीक्षण, जैविक खेती, जैविक खाद एवं कीटनाशक निर्माण, कीट एवं रोग नियंत्रण, दलहन-तिलहन एवं सब्जी फसलों की उन्नत तकनीक, स्प्रिंकलर एवं टपक सिंचाई प्रणाली, शुष्क भूमि कृषि, एकीकृत कृषि प्रणाली, पशुपालन, मछली पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन सहित नर्सरी प्रबंधन एवं पादप प्रसार तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बैंकिंग सेवाओं, बीमा, विभिन्न खातों, शासन की योजनाओं एवं अनुदान की जानकारी भी दी गई, जिससे महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। परीक्षा के सफल आयोजन में ग्राम के समाजसेवी गोवर्धन रजक का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सभी प्रतिभागी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

