जबलपुर: खाद वितरण में लापरवाही पर गोदाम प्रभारी को हटाया
27 अगस्त 2026, जबलपुर: जबलपुर: खाद वितरण में लापरवाही पर गोदाम प्रभारी को हटाया – जिले के विकासखंड मुख्यालय शहपुरा के डबल लॉक केंद्र के कर्मचारियों पर खाद की कालाबाजारी करने और किसानों को परेशान करने की गंभीर शिकायतों पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सख्त कार्यवाही की है। कलेक्टर श्री सिंह ने गोदाम प्रभारी मुकेश पटेल की असंचयी प्रभाव से एक वेतन वृद्धि रोकने का आदेश जारी कर उसे वहां से हटाकर पाटन स्थानांतरित कर दिया है।
शहपुरा क्षेत्र के किसानों एवं किसान संगठनों द्वारा डबल लॉक शहपुरा के कर्मचारियों पर खाद की कालाबाजारी करने और किसानों को परेशान करने की गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा को आकस्मिक निरीक्षण के निर्देश दिये थे। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी द्वारा 20 अगस्त को गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि गोदाम प्रभारी द्वारा डबल लॉक केंद्र से संबंधित किसानों को खाद न देकर अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है तथा लोडिंग ऑटो चालकों को किसानों के नाम पर ऑफलाइन टोकन जारी कर खाद का विक्रय किया जा रहा है, ताकि उसे बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा सके। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान परिसर में खड़े 5 ऑटो लोडिंग वाहनों को ऑफलाइन टोकन पाए जाने पर जांच के दायरे में लेते हुए शहपुरा थाने में खड़ा कराया गया।
निरीक्षण के दौरान गोदाम के ऑनलाइन उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया। सत्यापन में 3 हजार 909 बोरी यूरिया एवं 396 बोरी डीएपी अधिक मात्रा में पाई गई। इस संबंध में गोदाम प्रभारी को नोटिस जारी कर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा गया। गोदाम प्रभारी द्वारा प्रस्तुत जवाब में बताया गया कि गोदाम में उपलब्ध अतिरिक्त खाद 198 किसानों को 8 से 19 अगस्त तक वितरित की जानी शेष थी, जिसके लिए 2 हजार 190 बोरी यूरिया की गाड़ी खाली हुई थी। किसानों को खाद वितरण में अत्यधिक विलंब करने और लोडिंग ऑटो चालकों के पास अन्य किसानों के नाम के टोकन पाए जाने के कारण गोदाम प्रभारी की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही और अनियमितता प्रमाणित पाई गई।
डबल लॉक केंद्र शहपुरा में खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाने तथा किसानों को समय पर उर्वरक प्राप्त हो सके, इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने डबल लॉक केंद्र शहपुरा के गोदाम प्रभारी मुकेश पटेल की एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने और उसे डबल लॉक केंद्र पाटन स्थानांतरित करने के साथ ही पाटन डबल लॉक केंद्र के प्रभारी रामदास चौकसे को शहपुरा डबल लॉक केंद्र का प्रभारी नियुक्त किया है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

