राज्य कृषि समाचार (State News)

जबलपुर: मछली पालन के साथ सिंघाड़े की खेती से हो रही दोगुनी आय

27 अगस्त 2026, जबलपुरजबलपुर: मछली पालन के साथ सिंघाड़े की खेती से हो रही दोगुनी आय – खरीफ मौसम में जहां अधिकांश किसान धान की खेती को प्राथमिकता देते हैं, वहीं विकासखंड शहपुरा के ग्राम भीटा के किसान श्री हल्कू बर्मन ने अपने खेत की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए नवाचार कर मछली पालन के साथ सिंघाड़े की खेती को अपनाकर अनोखी मिसाल पेश की है।

 हल्कु बर्मन कृषि अधिकारियों की समझाइश पर पिछले कुछ वर्षों से खरीफ मौसम में कृषि भूमि के उस हिस्से में धान के स्थान पर सिंघाड़े की खेती के साथ मछली पालन कर रहे हैं,  जहां  हार्वेस्टर जैसी मशीनों की पहुंच संभव नहीं है। इस नवाचार से उसे अपने छोटे रकबे का बेहतर उपयोग करने के साथ-साथ पहले की तुलना में अधिक आय अर्जित करने में सफलता मिली है।

 हल्कु बर्मन के पास लगभग तीन एकड़ सिकमी की जमीन है। इसमें से 0.25 एकड़ छोटे रकबे में हार्वेस्टर के पहुंचने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण धान की कटाई एक बड़ी समस्या थी। धान की कटाई के लिए मजदूरों पर निर्भरता के कारण समय और लागत दोनों बढ़ते थे। इसी समस्या को देखते हुए किसान ने खेत के इस हिस्से में कुछ वर्ष पहले धान के विकल्प के रूप में सिंघाड़े की खेती के साथ मछली पालन शुरू किया। हल्कु शेष रकबे में रबी में मटर एवं सब्जियों की तथा गर्मियों में उड़द की खेती करते हैं। इससे उन्हें खर्च काटकर सालाना लगभग चार लाख रूपये तक की आय प्राप्त होती है। हल्कु फसल विविधीकरण के साथ-साथ पशुपालन भी करते हैं एवं बाय प्रोडक्ट जैसे गोबर और गोमूत्र का प्रयोग खाद के रूप में कृषि में करते हैं। जिससे उन्हें मुख्य उत्पाद के साथ साथ बाय प्रोडक्ट का भी लाभ मिलता है जो इसे एकीकृत कृषि प्रणाली से जोड़ता है।

एक ही खेत से दोहरा उत्पादन – खेत के छोटे से हिस्से में सिंघाड़े की खेती के साथ मछली पालन करने से हल्कु बर्मन को एक ही रकबे से दो अलग-अलग स्रोतों से आय प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। पानी में सिंघाड़े के पौधों की वृद्धि के साथ उसी जलक्षेत्र में उपयुक्त प्रजातियों की मछलियों का पालन किया जा सकता है। इससे उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग होता है और किसान की आय के स्रोतों में विविधता आती है। किसान हल्कु बर्मन का मानना है कि सिंघाड़े और मछली दोनों का उत्पादन संतोषजनक है। उन्होने बताया कि यह पद्धति धान की पारंपरिक खेती की तुलना में उसके लिए अधिक लाभकारी साबित हो रही है। उसे सिंघाड़े से 30 से 40 हजार रूपये एवं मछली पालन से 25 से 30 हजार रूपये तक अतिरिक्त आय प्राप्त होती है।

 हल्कु बर्मन के इस नवाचार का अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी ने वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी शहपुरा एस के परतेती के साथ अवलोकन किया। डॉ त्रिपाठी ने बताया कि ऐसे छोटे एवं मध्यम किसान, जिनके खेत के कुछ हिस्से में मशीनों की पहुंच सीमित है या जिन क्षेत्रों में लंबे समय तक पानी उपलब्ध रहता है, वे स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार मछली एवं सिंघाड़े की खेती कर सकते हैं। कृषि अधिकारियों के अवलोकन के दौरान ग्राम के अन्य किसान गोलू तिवारी ग्राम भीटा, महेंद्र पाल ग्राम फुलर, पुरनसिंह ग्राम भीटा भी मौजूद थे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture