भारतीय कृषि: आयात की निर्भरता से वैश्विक निर्यातक बनने तक का गौरवशाली सफर: दिनेश कुलकर्णी
26 मार्च 2026, इंदौर: भारतीय कृषि: आयात की निर्भरता से वैश्विक निर्यातक बनने तक का गौरवशाली सफर: दिनेश कुलकर्णी – भारतीय किसान संघ, मालवा प्रांत द्वारा ‘वैश्विक परिप्रेक्ष्य में भारतीय कृषि: कल, आज और कल ‘ विषय पर बुधवार को एक संगोष्ठी का आयोजन कृषि महाविद्यालय इंदौर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री दिनेश कुलकर्णी थे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षाविद एवं अर्थशास्त्री डॉ. जयंतीलाल भंडारी, प्रांत अध्यक्ष श्री लक्ष्मीनारायण पटेल तथा कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. भरत सिंह मौजूद थे।
इस संगोष्ठी में भारतीय कृषि के ऐतिहासिक बदलावों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए श्री दिनेश कुलकर्णी ने मृदा और मानव स्वास्थ्य के संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि हमारी धरती स्वस्थ है, तभी पौधे स्वस्थ होंगे और स्वस्थ पौधों के उपभोग से ही एक स्वस्थ मानव समाज की कल्पना साकार हो सकती है। कृषि के वैश्विक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि भारत ने वर्ष 1947 से 2026 के बीच एक अभूतपूर्व यात्रा तय की है। देश जो कभी खाद्यान्न के लिए आयात पर निर्भर था, वह आज अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ दुनिया के बड़े खाद्यान्न निर्यातक देशों की पंक्ति में गर्व से खड़ा है। यह प्रगति भारतीय किसानों के अथक परिश्रम और कृषि वैज्ञानिकों के शोध का सम्मिलित परिणाम है।
इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी में पूरे मालवा प्रांत से आए सैकड़ों प्रगतिशील किसान, संगठन के समर्पित कार्यकर्ता, अनुभवी कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में कृषि क्षेत्र के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विशेषज्ञों ने पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और आर्थिक पहलुओं के तालमेल पर जोर दिया, ताकि भविष्य में भारतीय कृषि को और अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने जैविक खेती को बढ़ावा देने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष श्री राजेन्द्र पालीवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री महेश चौधरी , डॉ . अभय व्यास, प्रांत संगठन मंत्री श्री अतुल माहेश्वरी, सह संगठन मंत्री श्री दिनेश शर्मा, श्री रामप्रसाद सूर्या, समेत कई सारे पदाधिकारी उपस्थित थे । यह जानकारी भारतीय किसान संघ के मालवा प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख श्री गोवर्धन पाटीदार ने दी। कार्यक्रम का संचालन मालवा प्रांत के प्रांत महामंत्री श्री रमेश ने किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

