दुग्ध उत्पादन एवं उद्यानिकी का रकबा बढ़ाएं- कलेक्टर सीहोर
20 अगस्त 2026, सीहोर: दुग्ध उत्पादन एवं उद्यानिकी का रकबा बढ़ाएं- कलेक्टर सीहोर – कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कृषि, सहकारिता, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य एवं संबंधित विभागों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसानों की आय वृद्धि तथा कृषि आधारित गतिविधियों के विस्तार के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कृषि के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देकर किसानों की आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाया जा सकता है।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए दुग्ध समितियों की संख्या में वृद्धि करने तथा अधिक से अधिक किसानों को समितियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समितियों के सदस्यों की संख्या बढ़ाने के साथ ही समितियों के आर्थिक लाभ में भी वृद्धि सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
कलेक्टर ने सहकारिता विभाग तथा सहकारी एवं अन्य बैंकों को कृषि क्षेत्र में ऋण विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने से कृषि एवं उससे जुड़े व्यवसायों को गति मिलेगी। साथ ही किसानों को उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में उद्यानिकी फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर देते हुए किसानों को फल, सब्जी एवं अन्य उद्यानिकी फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि के विविधीकरण से किसानों की आय में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
आगामी रबी सीजन की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को अग्रिम उठाव करने के निर्देश दिए। ताकि किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध हो सके। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर जिले में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि उप संचालक श्री अशोक कुमार उपाध्याय, जिला पंजीयक श्री सहकारी समिति श्री सुधीर कैथवास, मत्स्य विभाग के सहायक संचालक श्री प्रशांत हर्ष सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

