राज्य कृषि समाचार (State News)

IMD Weather Update: मध्यप्रदेश में कई जिलों में झमाझम बारिश, जबलपुर-सीहोर में तेज आंधी का अलर्ट; बालाघाट में ओलावृष्टि की चेतावनी 

25 जून 2026, भोपाल: IMD Weather Update: मध्यप्रदेश में कई जिलों में झमाझम बारिश, जबलपुर-सीहोर में तेज आंधी का अलर्ट; बालाघाट में ओलावृष्टि की चेतावनी – भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में मानसून की गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कई जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई, जबकि इंदौर, उज्जैन और जबलपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी वर्षा हुई। वहीं सीधी और दतिया प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए कई जिलों में भारी बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

कई जिलों में चली तेज हवाएं

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला। जबलपुर में 56 किलोमीटर प्रति घंटा, नरसिंहपुर में 54 किलोमीटर प्रति घंटा और सीहोर में 52 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। भोपाल में 46 किलोमीटर प्रति घंटा तथा ग्वालियर और आगर में 44 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंके दर्ज किए गए।

बालाघाट जिले में ओलावृष्टि की भी सूचना प्राप्त हुई है।

मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई हिस्सों में आगे बढ़त दर्ज की है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मध्यप्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। प्रदेश के मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के ऊपर सक्रिय ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन के प्रभाव से वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इन जिलों के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने सीहोर और जबलपुर जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। 0इसके अलावा बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और सिवनी जिलों में भी गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वहीं सीधी जिले में कहीं-कहीं ऊष्ण लहर (हीट वेव) की स्थिति बने रहने की संभावना भी जताई गई है।

किसानों के लिए विशेष सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वर्षा की संभावना को देखते हुए सिंचाई, उर्वरक प्रयोग तथा पौध संरक्षण रसायनों के छिड़काव से फिलहाल बचें। खेतों में जलभराव न हो, इसके लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। तेज हवाओं से सब्जी फसलों, बेलदार पौधों और युवा फलदार पौधों को नुकसान से बचाने के लिए उन्हें सहारा दें।

कटाई की गई उपज, बीज, उर्वरक और कृषि यंत्रों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा जलरोधक तिरपाल से ढंककर सुरक्षित करें। पॉलीहाउस, नेट हाउस और शेडनेट जैसी संरक्षित खेती की संरचनाओं को भी तेज हवाओं से सुरक्षित रखने के उपाय करें।

किसानों को आंधी-तूफान या बारिश की संभावना होने पर कटाई, मड़ाई और सुखाने संबंधी कार्य स्थगित करने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को पशुओं को सुरक्षित और हवादार स्थानों पर रखने, पर्याप्त चारे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था बनाए रखने तथा बिजली गिरने और तूफान के दौरान चराई से बचाने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखें और नवीनतम मौसम परामर्श के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाएं, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements