गुना कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किसानों से किया संवाद
23 अप्रैल 2026, गुना: गुना कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किसानों से किया संवाद – जिले में समर्थन मूल्य पर संचालित उपार्जन कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने हेतु कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा ग्राम बरखेड़ी राघौगढ़ स्थित देवांशी वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल भी उपस्थित रहीं।
उपार्जन व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण -कलेक्टर द्वारा खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण एवं संपूर्ण संचालन प्रणाली का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में संपादित हो, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य बिना किसी विलंब के प्राप्त हो सके।
किसानों से संवाद और सम्मान – कलेक्टर श्री कन्याल ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव प्राप्त किए तथा बताया उपार्जित फसल का भुगतान अधिकतम 2 से 7 दिवस के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित किया जाएगा। इस दौरान कृषकों का पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा कलेक्टर ने खुद कृषकों को ठंडाई वितरित की।
मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण– कलेक्टर ने केंद्र पर पेयजल, छायादार स्थल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उन्हें व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। व्यवस्थाओं को लेकर किसानों द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई।
आधुनिक कृषक की नवाचार की सराहना – भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्राम भैंसाना (राघौगढ़) में कृषक श्री गणपत सिंह यादव के खेत का निरीक्षण किया। यहां ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग एवं स्टेकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ लौकी, भिंडी, गिलकी, खीरा, करेला एवं टमाटर की इंटरक्रॉपिंग (बहुफसली खेती) की जा रही है।इस प्रणाली से जोखिम कम होने के साथ आय में स्थिरता बनी रहती है तथा प्रति एकड़ लगभग 5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। कलेक्टर ने इस नवाचार की सराहना करते हुए अन्य किसानों को इसे अपनाने की सलाह दी।
पराली न जलाने की अपील – संवाद के दौरान उन्होंने पराली (नरवाई) न जलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि सेटेलाइट के माध्यम से इसकी नियमित निगरानी की जाती है तथा सभी को पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करना चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि सभी लोगों को मिलकर यज्ञ को सफल बनाना है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राघौगढ़ श्री अमित सोनी, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पांडेय, उपसंचालक कृषि श्री संजीव शर्मा, मंडी सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

