Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

हरियाणा में बरसात से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई करेगी सरकार

30 सितम्बर 2022, चंडीगढ़: हरियाणा में बरसात से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई करेगी सरकार – हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों की फसलों को पिछले दिनों बरसात से हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी तथा इसके लिए जिला प्रशासन को गिरदावरी करने संबंधी आदेश दिए जा चुके हैं। इसके अलावा किसान स्वयं भी अपनी फसलों के नुकसान का ब्यौरा ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल पर कर सकते हैं। खेतों के अलावा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में भी जहां पर जलभराव हुआ है, उसकी निकासी के संबंध में भी जिला प्रशासन को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए जा चुके हैं। उप मुख्यमंत्री वीरवार को जिला सिरसा के गांव ताजिया खेड़ा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों पूरे प्रदेश में हुई बारिश के कारण खेतों आदि स्थानों पर पानी जमा होने की स्थिति बन गई है, इसलिए सिंचाई व राजस्व विभाग के अधिकारियों को खेतों से पानी निकालने संबंधी भी आदेश दिए गए हैं, ताकि खेतों में तैयार फसल को कोई नुकसान न हो और रुके हुए पानी के कारण रबी सीजन की फसलों की बुवाई करने में देरी न हो।

श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जिन किसानों ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण करवाया हुआ है, वे ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल पर सीधे ही फसलों को पहुंचे नुकसान की जानकारी स्वयं ही दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद कानूनगो व पटवारी पोर्टल पर दर्ज नुकसान का आंकलन कर एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

महत्वपूर्ण खबर: पीएम-किसान की 12वीं किस्त 17 अक्टूबर को किसानों के खाते में जमा होगी

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )