Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

ग्लोबल एग्रीटेक मीट 2026: राजस्थान में कृषि क्षेत्र को मिलेगा नया निवेश, बेंगलुरु मीट में हुआ बड़ा संवाद  

28 अप्रैल 2026, जयपुर: ग्लोबल एग्रीटेक मीट 2026: राजस्थान में कृषि क्षेत्र को मिलेगा नया निवेश, बेंगलुरु मीट में हुआ बड़ा संवाद – राजस्थान को कृषि नवाचार, एग्रीटेक निवेश और वैश्विक साझेदारी का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) तथा राजस्थान फाउंडेशन के सहयोग से कृषि विभाग, राजस्थान द्वारा आयोजित ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के अंतर्गत बेंगलुरु में इनवेस्टर मीट का सफल आयोजन किया गया जिसमें कृषि, एग्रीटेक, उद्योग और निवेश क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया।

इस अवसर पर राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, माननीय कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल, प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्रीमती मंजू राजपाल, राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त श्रीमती मनीषा अरोड़ा, कृषि विभाग के आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल सहित ए वन स्टील के चेयरमैन श्री जूलियन जालान, जैन ग्रुप के फाउंडर डॉ चेनराज रायचंद, प्राइड ग्रुप के एमडी श्री एमएल सरावगी, राजस्थान फाउंडेशन के बेंगलुरु चैप्टर के प्रेसिडेंट श्री सचिन पांडे, फिक्की की एग्रिकल्चर सबकमिटी के चेयरमैन तथा किसान क्राफ्ट के सीएमडी श्री रविंद्र अग्रवाल, सती एक्सपोर्ट के एमडी श्री संदीप अग्रवाल आदि गणमान्य उपस्थित रहे।

कृषि क्षेत्र में राजस्थान की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए माननीय कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि “राज्य सरकार नीतिगत समर्थन, बुनियादी ढांचे और नवाचार को बढ़ावा देकर एग्रीटेक सेक्टर को मजबूत कर रही है, जिससे निवेशकों और उद्यमियों के लिए अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार हो रहा है।”

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

कार्यक्रम के दौरान ग्राम 2026 की फिल्म के प्रदर्शन ने राज्य में कृषि और एग्रीटेक क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

कार्यक्रम में प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्रीमती मंजू राजपाल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “राजस्थान में कृषि क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं, जिनमें तकनीक का समावेश, मूल्य संवर्धन और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एग्रीटेक के माध्यम से राज्य में नए अवसर तेजी से विकसित हो रहे हैं।”

वन-ऑन-वन मीटिंग और निवेश आमंत्रण

इस अवसर पर बाड़मेर के प्रगतिशील किसान श्री विक्रम सिंह राठौड़ ने अपने अनुभव साझा करते हुए कृषि में तकनीकी नवाचारों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “इस तरह के रोडशो उद्योग, सरकार और किसानों के बीच संवाद को सशक्त बनाते हैं। यह पहल एग्रीटेक निवेश और साझेदारी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

बेंगलुरु इनवेस्टर मीट के दौरान माननीय कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ किरोड़ी लाल तथा कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा उद्यमियों तथा इन्वेस्टर्स से वन ऑन वन मीटिंग भी की गई जिसमें उनके सुझाव और समस्याओं को सुनकर उन पर शीघ्र कार्य करने का संकल्प किया गया तथा उन्हें राजस्थान में निवेश करने के लिए भी आमंत्रित किया गया।

जयपुर में होगा अगला बड़ा आयोजन

बेंगलुरु इनवेस्टर मीट ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है, जिसने राज्य को एग्रीटेक और कृषि निवेश के एक उभरते हुए केंद्र के रूप में सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। आगामी 23 से 25 मई 2026 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में राजस्थान ग्लोबल एग्रीटेक मीट का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें देश-विदेश के निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं की व्यापक भागीदारी अपेक्षित है। इस आयोजन की पूर्व तैयारियों के तहत बेंगलुरु से पहले जयपुर और नई दिल्ली में सफलतापूर्वक इनवेस्टर मीट आयोजित किए जा चुके हैं, जबकि आगे भी देश के विभिन्न प्रमुख शहरों में ऐसे इनवेस्टर मीट्स प्रस्तावित हैं, जिससे इस वैश्विक पहल को और व्यापक आयाम मिल सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture