राज्य कृषि समाचार (State News)

पीएम किसान का पैसा पाने के लिए तुरंत बनवाएं Farmer ID, रीवा में शुरू हुए विशेष शिविर

18 मई 2026, रीवा: पीएम किसान का पैसा पाने के लिए तुरंत बनवाएं Farmer ID, रीवा में शुरू हुए विशेष शिविर – रीवा जिले में किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। शासन के निर्देशों के अनुसार अब किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ Farmer ID के आधार पर दिया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए रीवा जिले में किसानों की Farmer ID बनाने और सभी खसरा नंबरों को एग्रीस्टेक पोर्टल से लिंक करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों की शुरुआत की गई है। यह अभियान 20 मई तक जिलेभर में चलाया जाएगा।

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी विकासखंडों और तहसीलों में तय कार्यक्रम के अनुसार शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की Farmer ID अभी तक नहीं बनी है या जिनके खसरा नंबर लिंक नहीं हुए हैं, वे जरूरी दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि पीएम किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके।

पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे विशेष शिविर

प्रशासन द्वारा जिले की विभिन्न तहसीलों और ग्राम पंचायतों में Farmer Registry बनाने के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में पटवारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक तथा कृषि विस्तार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो किसानों की Farmer ID बनाने और खसरा नंबर लिंक करने का कार्य करेंगे।

कलेक्टर ने कहा है कि शिविर शुरू होने से पहले गांवों में मुनादी कर किसानों को जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभ उठा सकें। इसके साथ ही कृषि विभाग, पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों द्वारा किसानों के ई-टोकन बुकिंग का कार्य भी किया जाएगा। वहीं सहकारिता विभाग समिति स्तर पर सदस्यों की ई-टोकन बुकिंग सुनिश्चित करेगा।

इन दस्तावेजों के साथ पहुंचें किसान

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शिविर में आते समय अपने साथ आधार कार्ड, खसरा और खतौनी की प्रति, मोबाइल नंबर तथा समग्र आईडी जरूर लेकर आएं। इन दस्तावेजों के आधार पर किसानों के सभी खसरा नंबर Farmer ID से लिंक किए जाएंगे।

अधिकारियों के अनुसार अब किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर दिया जा रहा है। ऐसे में Farmer ID बनवाना बेहद जरूरी हो गया है।

16 मई को इन पंचायतों में लगेंगे शिविर

जिले की विभिन्न तहसीलों में 16 मई को पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। तहसील सिरमौर, त्योंथर, जवा, रायपुर कर्चुलियान, मनगवां, सेमरिया, हुजूर ग्रामीण, हुजूर नगर और गुढ़ तहसील की कई ग्राम पंचायतों में किसानों के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में किसान अपनी Farmer ID बनवा सकेंगे, छूटे हुए खसरा नंबर जोड़ सकेंगे और ई-टोकन बुकिंग से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगे। प्रशासन ने किसानों से समय पर शिविर में पहुंचकर जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में पीएम किसान योजना और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements