Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

एफपीओ सतपुड़ा अंचल मोटे अनाज के उत्पाद बाजार में उतारेगी

24 अप्रैल 2023, बैतूल: एफपीओ सतपुड़ा अंचल मोटे अनाज के उत्पाद बाजार में उतारेगी – जिले के शाहपुर क्षेत्र में कार्यरत सतपुड़ा अंचल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी शीघ्र ही मोटे अनाज कोदो-कुटकी एवं सांवा से तैयार रवा, इडली मिक्स, खिचड़ी, बिस्किट, मल्टीग्रेन आटा, चिक्की एवं पापड़ जैसे उत्पाद बाजार में उतारेगी। इन उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार देने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। मोबाइल एप पर भी यह उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। गत दिनों एफपीओ के प्रतिनिधियों द्वारा कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस को उक्त उत्पाद भेंट किए गए।

नाबार्ड के वित्तीय सहयोग से उक्त एफपीओ द्वारा इन उत्पादों को बाजार में उतारने की पहल की गई है। एफपीओ से शाहपुर क्षेत्र की एनआरएलएम के स्व सहायता समूहों की 2075 महिलाएं जुड़ी हैं। विगत खरीफ सीजन में साढ़े तीन सौ महिलाओं को कोदो-कुटकी एवं सांवा का बीज प्रदान किया गया। इस बीज को सामान्यत: अनुपयोगी कृषि भूमि में उपयोग किया गया। इससे बेहतर परिणाम प्राप्त हुए एवं लगभग 40 टन मोटे अनाज का उत्पादन हुआ। इन महिलाओं को अनाज के बदले एफपीओ द्वारा 12 लाख रुपए का भुगतान किया गया। जिससे प्रति महिला को लगभग 12 हजार रुपए तक की आय हुई। एफपीओ से जुड़ी 2075 महिलाओं को एफपीओ के शेयर्स से जोड़ा गया है। प्रतिवर्ष होने वाला आर्थिक लाभांश शेयर से जुड़ी हर महिला को मिलेगा।

एफपीओ के मोटे अनाज से उत्पादित सामग्री की बेहतर मार्केटिंग के लिए नीर हार्टिकल्चर कंपनी गुजरात से टाईअप किया जा रहा है। एफपीओ द्वारा विगत 18 एवं 19 मार्च को दिल्ली में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ मिलेट्स में भी अपने उत्पादों का स्टॉल लगाया गया। इस दौरान लगभग 25 देशों के प्रतिनिधियों से भी मिलेट्स एवं मिलेट्स उत्पाद विक्रय के संबंध में चर्चा हुई। आदिवासी महिलाओं के उत्पादों को पहचान देने के लिए उक्त उत्पाद ट्रायबल वूमंस फार्मर कंपनी के नाम से तैयार किए जा रहे हैं। एफपीओ की पांचों संचालक महिलाएं ही हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें